छत्तीसगढ़ जाली नोटों की जब्ती में देश में तीसरे नंबर पर
रायपुर । संवाददाता: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा साल 2024 के लिए जारी किए गए ताज़ा आंकड़ों ने छत्तीसगढ़ में जाली नोटों के कारोबार को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है. देश भर में हुई नकली नोटों की जब्ती के मामले में छत्तीसगढ़ ने शीर्ष राज्यों की सूची में जगह बनाई है. रिपोर्ट के मुताबिक, नकली नोटों की बरामदगी के मामले में छत्तीसगढ़ पूरे देश में तीसरे स्थान पर रहा है, जहाँ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कुल 3.8 करोड़ रुपये मूल्य की जाली मुद्रा ज़ब्त की है.
NCRB के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि कर्नाटक 32 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती के साथ इस सूची में सबसे ऊपर है, जबकि असम (4.9 करोड़ रुपये) दूसरे स्थान पर है.
छत्तीसगढ़ के बाद इस फेहरिस्त में पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों का नाम आता है. यह आंकड़ा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोटों का मिलना आर्थिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती की ओर इशारा करता है.
जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी रकम की बरामदगी यह दर्शाती है कि राज्य में पुलिसिया कार्रवाई और निगरानी तंत्र सक्रिय है, लेकिन साथ ही यह जाली नोटों के गिरोहों की बढ़ती सक्रियता का भी संकेत है.
पड़ोसी राज्यों और तेलंगाना जैसे क्षेत्रों में भी भारी मात्रा में 500 रुपये के जाली नोटों की बरामदगी हुई है, जिससे अंतरराज्यीय गिरोहों के जुड़े होने की संभावना प्रबल हो गई है.