छत्तीसगढ़ को सड़क विकास की बड़ी सौगात, ₹665 करोड़ की मंजूरी
रायपुर । संवाददाता: नए साल की शुरुआत छत्तीसगढ़ के लिए अच्छी खबर लेकर आई है. केंद्र सरकार ने राज्य में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्रीय सड़क एवं अधोसंरचना निधि (CRIF) के तहत ₹664.67 करोड़ की लागत से 174 किलोमीटर लंबी चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी है. इन परियोजनाओं से राज्य के पांच जिलों में सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित व सुगम होगा.
लोक निर्माण विभाग के प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जिलों में सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन के कार्य किए जाएंगे. इससे न सिर्फ ग्रामीण और दूरवर्ती इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत मुंगेली जिले के कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग के 21 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा. कांकेर जिले में कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर मार्ग के 48.4 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा. वहीं, सुकमा से दंतेवाड़ा तक 68 किलोमीटर लंबे मार्ग को टू-लेन सड़क के रूप में उन्नत किया जाएगा. गरियाबंद जिले में राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के 35.5 किलोमीटर हिस्से को भी मजबूत और उन्नत बनाया जाएगा.
इन सड़कों के विकास से बस्तर संभाग और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा. नक्सल प्रभावित इलाकों में बेहतर सड़क नेटवर्क से प्रशासनिक पहुंच मजबूत होगी और आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ मिलेगा. इसके साथ ही किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए आवागमन सुगम होगा.
सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ होने से पर्यटन, स्थानीय व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे. बेहतर कनेक्टिविटी से बाजारों तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
राज्य सरकार ने कहा है कि इन परियोजनाओं को शीघ्र क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका प्रत्यक्ष लाभ जल्द से जल्द मिल सके. सड़क अधोसंरचना में यह निवेश छत्तीसगढ़ के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति देगा और प्रदेश को प्रगति के पथ पर और आगे बढ़ाएगा. (Symbolic Photo)