छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का रिकॉर्ड किसानों को ₹23,448 Cr का भुगतान
रायपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है. हालांकि पूरे राज्य में धान खरीदी को लेकर किसानों में आक्रोश भी है क्योंकि बड़ी संख्या में सरकारी लापरवाही के कारण किसान धान का टोकन पाने से अभी तक वंचित हैं.
13 जनवरी 2026 तक राज्य सरकार ने 17,77,419 किसानों से कुल 105.14 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की है, जिसके एवज में किसानों को ₹23,448 करोड़ की रिकॉर्ड राशि का भुगतान किया जा चुका है.
यह आंकड़े अब तक के सभी वर्षों की तुलना में 13 जनवरी तक की सबसे अधिक खरीदी और सबसे अधिक भुगतान को दर्शाते हैं.
पिछले वर्षों से तुलना करें तो खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 में 13 जनवरी तक 72.15 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर ₹13,550 करोड़ का भुगतान हुआ था.
वर्ष 2021-22 में इसी अवधि तक 68.77 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया और किसानों को ₹13,410 करोड़ मिले थे.
वहीं 2022-23 में 97.67 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर ₹20,022 करोड़ का भुगतान किया गया था.
इन सभी वर्षों की तुलना में 2025-26 में धान की खरीदी और किसानों को दी गई राशि दोनों ही ऐतिहासिक स्तर पर पहुँच गई हैं.
राज्य सरकार का कहना है कि यह उपलब्धि पारदर्शी खरीदी व्यवस्था, समयबद्ध भुगतान प्रणाली और किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम है. समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और सीधे किसानों के खातों में भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और किसानों का भरोसा बढ़ा है.
सरकार ने स्पष्ट किया है कि धान के भंडारण और निराकरण में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
विगत वर्षों में सूखत और अन्य अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की गई है, जिसमें कारण बताओ नोटिस, विभागीय जांच, निलंबन और प्राथमिकी दर्ज करने तक के कदम शामिल हैं. सरकार की ‘शून्य सहनशीलता’ नीति के तहत प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है.
राज्य सरकार ने दोहराया है कि हर पात्र किसान से हर दाना खरीदा जाएगा और हर रुपये का भुगतान समय पर किया जाएगा.