RKM पावर प्लांट में भयानक दुर्घटना: 4मजदूरों की जान गई, 7 जख्मी
RKM पावर प्लांट में भयानक दुर्घटना: 3 मजदूरों की जान गई, 8 जख्मी
सक्ती | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया. डभरा क्षेत्र के ऊँचपींडा गांव स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मेंटेनेंस कार्य के दौरान मजदूरों को ले जा रही एक लिफ्ट अचानक करीब 40 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर पड़ी. इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात 10 मजदूर लिफ्ट में सवार होकर लगभग 75 मीटर ऊंची पांचवीं मंजिल की ओर जा रहे थे. लेकिन लगभग 40 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचते ही लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार से नीचे गिर गई. हादसे के बाद प्लांट परिसर में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई.
डभरा थाना पुलिस के मुताबिक, दो मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. सभी घायलों को रायगढ़ जिले के निजी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की जानकारी मिलते ही मजदूरों के परिजन और साथी बड़ी संख्या में प्लांट के बाहर एकत्र हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. हालात को देखते हुए डभरा पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
सक्ती जिले की एडिशनल एसपी हरीश यादव ने बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर मौत हुई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा. सभी मजदूर बॉयलर की मरम्मत का काम कर रहे थे. शुरुआती जांच में लिफ्ट में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, हालांकि प्लांट प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की लापरवाही की भी जांच की जा रही है.
स्थानीय मजदूरों का आरोप है कि पावर प्लांट प्रबंधन ने लंबे समय से लिफ्ट की नियमित तकनीकी जांच नहीं करवाई थी. उनका कहना है कि यही लापरवाही इस दर्दनाक हादसे की वजह बनी.
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. हादसे के कारणों की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है.