रायगढ़: बेटा ही निकला बाप का कातिल
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. यह सनसनीखेज मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कठरापाली बगईढोडहा गांव का है, जहां जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पुलिस ने इस मामले में मृतक के बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर की सुबह ग्राम कठरापाली बगईढोडहा के खेत में 62 वर्षीय नत्थुराम चौहान का खून से लथपथ शव मिला. घटना की सूचना पर घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की.
पुलिस ने मृतक के परिवार वालों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसमें संदेह का केंद्र नत्थुराम के बेटे मालिकराम पर गया. कड़ी पूछताछ में मालिकराम ने अपने दोस्त सजन अगरिया के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की. उसने बताया कि वह अपने पिता की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन नत्थुराम इसके लिए राजी नहीं थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था.
मालिकराम ने खुलासा किया कि 1 सितंबर की रात उसने और सजन ने मिलकर हत्या की योजना बनाई. सजन ने नत्थुराम को घर से बाहर बुलाने का बहाना बनाया. जैसे ही नत्थुराम बाहर आए, मालिकराम ने टांगी से उन पर हमला कर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद दोनों ने घटना को चोरी का रूप देने के लिए बोरवेल पंप का तार काटा और टांगी को खेत में फेंक दिया.
पुलिस ने मालिकराम और सजन को गिरफ्तार कर लिया और दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया.