छत्तीसगढ़ स्टील प्लांट ब्लास्ट: बिहार CM नीतीश कुमार का मुआवजे का एलान
पटना । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एक स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री ने इस विस्फोट में जान गंवाने वाले बिहार के प्रवासी मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेटिया) देने की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान के अनुसार, नीतीश कुमार ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की.
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित बिहार के आवासीय आयुक्त को छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के मृतक मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांवों तक लाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं.
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए बिहार के मजदूरों के समुचित इलाज का प्रबंध सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है.
गौरतलब है कि गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित एक स्टील प्लांट में गर्म राख गिरने से हुए विस्फोट में छह मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए थे.