मार्च 2026 तक बस्तर में नक्सल उन्मूलन का लक्ष्य- सीएम साय
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक जंग का ऐलान करते हुए कहा है कि राज्य से इस समस्या को जड़ से खत्म करने का समय आ गया है. मंगलवार को बस्तर के विकास की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित 31 मार्च, 2026 की समयसीमा तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा.
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 'डबल इंजन' सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए मिशन मोड में काम कर रही है.
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को अगले तीन वर्षों के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.
इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाया जाएगा.
उन्होंने विशेष रूप से फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, मोबाइल टावर लगाने और बच्चों के आधार पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर बल दिया.
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'बस्तर टूरिज्म कॉरिडोर' और होम-स्टे जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी भी की जा रही है.
सुरक्षा मोर्चे पर सरकार की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 में 285 नक्सली मारे गए थे, जबकि नए साल 2026 की शुरुआत में ही 3 जनवरी को 14 माओवादियों को ढेर किया जा चुका है.