शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में शिशु मृत्यु दर सबसे अधिक

C

CG Khabar

05 सित. 2025, 12:01 PM 6 मिनट में पढ़ें 17

शिशु मृत्यु दर
शिशु मृत्यु दर

रायपुर | आयुषी शर्मा : देशभर में बच्चों की ज़िंदगी बचाने के लिए सालों से कोशिशें चल रही हैं, लेकिन छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों की तस्वीर अभी भी चिंता बढ़ाने वाली है. ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक इन तीनों राज्यों में शिशु मृत्यु दर (IMR) 1,000 जीवित जन्म पर 37 है. यह सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि उन नवजात और छोटे बच्चों की ज़िंदगी का हिसाब है, जो अपना पहला जन्मदिन भी नहीं मना पाते.


राष्ट्रीय औसत फिलहाल 25 है, यानी पूरे देश को मिलाकर देखें तो 1,000 बच्चों में से 25 अपने पहले साल में ही दुनिया से चले जाते हैं. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में यही संख्या 37 है, जो औसत से काफी ऊपर है. अगर इसे केरल से तुलना करें, जहाँ शिशु मृत्यु दर सिर्फ 5 है, तो साफ दिखता है कि इन राज्यों में एक बच्चे की ज़िंदगी का जोखिम केरल की तुलना में करीब सात गुना ज़्यादा है.

विज्ञापन


सैंपल रजिस्ट्रेशन सिस्टम बुलेटिन 2023 बताता है कि भारत ने लंबी दूरी तय की है. 1971 में शिशु मृत्यु दर 129 हुआ करती थी. यानी हर 1,000 में से 129 बच्चे अपना पहला साल पूरा होने से पहले ही मर जाते थे. वहीं अब यह दर घटकर 25 पर आ गई है, जो अब तक का सबसे कम स्तर है. सिर्फ पिछले दस सालों में ही इसमें करीब 37.5 फीसदी की कमी आई है. यह प्रगति बताती है कि वैक्सीन, प्रसव के समय संस्थागत डिलिवरी, पोषण कार्यक्रम, और नवजात गहन देखभाल जैसी सेवाओं ने असर तो दिखाया है, लेकिन देश के हर कोने में उसका फायदा बराबरी से नहीं पहुँच पाया है.


केरल की कहानी अलग है. राज्य ने स्वास्थ्य और जनसंख्या से जुड़े संकेतकों में अपना स्थान लगातार मजबूत रखा है. शिशु मृत्यु दर को 5 तक लाना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है. समय पर गर्भ जांच, लगभग सार्वभौमिक संस्थागत प्रसव, माताओं का बेहतर पोषण, नवजात की देखभाल पर जोर और मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य नेटवर्क, इन सबने मिलकर यह परिणाम दिया है. मणिपुर ने तो केरल को भी पीछे छोड़ दिया है और 3 के IMR के साथ देश में सबसे आगे है.


लेकिन दूसरी ओर तस्वीर उतनी उजली नहीं दिखती. छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और आबादी वाले राज्यों में शिशु मृत्यु दर का 37 पर अटके रहना गंभीर सवाल खड़े करता है. इन राज्यों के कई ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में अब भी गर्भावस्था के दौरान जांचें पूरी नहीं हो पातीं, अनेक प्रसव घरों पर या अव्यवस्थित परिस्थितियों में होते हैं, समय पर डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्स नहीं मिल पाती, और नवजात शिशुओं की शुरुआती दिनों में सही देखभाल नहीं हो पाती. हरियाणा में IMR 26 और झारखंड में 29 है, यानी ये भी केरल से काफी पीछे हैं, हालांकि सबसे निचले पायदान पर खड़े राज्यों से थोड़े बेहतर हैं.


जनसंख्या संकेतकों की बड़ी तस्वीर देखें तो भी भारत ने काफी सुधार दर्ज किया है. जन्म दर 1971 में जहाँ 36.9 थी, वह घटकर 2023 में 18.4 रह गई है. यानी औसतन अब पहले की तुलना में कम बच्चे जन्म ले रहे हैं, और परिवार छोटे हो रहे हैं. मृत्यु दर भी 14.9 से घटकर 6.4 पर आ गई है. इसका मतलब यह है कि कुल मिलाकर लोगों की उम्र बढ़ी है, इलाज और दवाएँ ज़्यादा लोगों तक पहुँच रही हैं और संक्रामक बीमारियों से होने वाली मौतें घटी हैं.


ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच का फर्क भी इन आंकड़ों में साफ नज़र आता है. ग्रामीण भारत में शिशु मृत्यु दर 28 है, जबकि शहरों में यह 18 है. यानी गाँव में जन्म लेने वाले बच्चे के लिए जोखिम लगभग 50 फीसदी ज्यादा है. यह फर्क सिर्फ अस्पतालों की संख्या से नहीं, बल्कि सड़क, एम्बुलेंस, समय पर इलाज, साफ पानी, स्वच्छता, माताओं की सेहत और पोषण जैसी चीज़ों से भी जुड़ा हुआ है.


छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में यह अंतर और भी गहरा दिखता है. बहुत से गाँव ऐसे हैं जहाँ आज भी प्रसव के लिए महिलाएँ अस्पताल जाने में हिचकती हैं या फिर सुविधा दूर होने के कारण समय पर पहुँच ही नहीं पातीं. कई परिवारों में गर्भावस्था को बीमारी नहीं माना जाता, इसलिए जाँच की क्या ज़रूरत, जैसी सोच भी सामने आती है. दूसरी तरफ केरल की बात करें, तो वहाँ ग्रामीण और शहरी इलाकों में अंतर लगभग न के बराबर है. इसका मतलब है कि गाँव में रहने वाली माँ और शहर में रहने वाली माँ, दोनों को लगभग समान स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलती हैं. यही कारण है कि केरल के आंकड़े पूरे देश के लिए एक तरह से मानक बन गए हैं.


अगर राज्यों को एक नज़र में देखें तो ऊपर की तरफ मणिपुर, लद्दाख, केरल, गोवा, सिक्किम, चंडीगढ़ और पुदुचेरी जैसे नाम आते हैं, जहाँ IMR एक अंक में या बहुत कम है. ये वे इलाके हैं जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच अपेक्षाकृत आसान है, शिक्षा का स्तर बेहतर है, और लोगों में जागरूकता भी अधिक है. दूसरी तरफ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, झारखंड और राजस्थान जैसे राज्य हैं, जहाँ शिशु मृत्यु दर अभी भी ऊँचे स्तर पर है. इन इलाकों में गरीब और हाशिए पर रहने वाले समुदाय सबसे ज़्यादा प्रभावित होते हैं.


सवाल यह नहीं कि भारत ने प्रगति की या नहीं, प्रगति साफ दिख रही है. असली सवाल यह है कि जो बच्चे आज भी जन्म के पहले साल में अपनी जान गंवा रहे हैं, क्या उन्हें बचाया जा सकता था? डॉक्टर और सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की राय है कि ज़्यादातर मामलों में जवाब 'हाँ' है. समय पर टीकाकरण, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान की शुरुआत, साफ-सफाई, कुपोषण से बचाव, संक्रमण का जल्दी इलाज और गर्भावस्था से लेकर प्रसव के बाद तक माँ की अच्छी देखभाल, अगर ये सब मिल जाएँ, तो इन मौतों का बड़ा हिस्सा रोका जा सकता है.


केरल और मणिपुर जैसे राज्यों ने दिखा दिया है कि मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचा, प्रशिक्षित स्टाफ, समुदाय की भागीदारी और महिलाओं की शिक्षा पर जोर से शिशु मृत्यु दर को बहुत नीचे लाया जा सकता है.


अब चुनौती यह है कि क्या छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश जैसे राज्य सिर्फ रिपोर्ट के आंकड़े पढ़कर आगे बढ़ जाएंगे, या सच में इस बात को स्वीकार करेंगे कि हर संख्या के पीछे एक घर, एक माँ, एक अधूरा बचपन और एक टूटता सपना है, जिसे बचाया जा सकता था. जब तक यह एहसास नीतियों और ज़मीनी काम में नहीं उतरता, तब तक राष्ट्रीय औसत भले ही बेहतर दिखता रहे, लेकिन हमारे सबसे कमजोर बच्चे अब भी सबसे बड़े जोखिम पर रहेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

19 घंटे पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

एक दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

एक दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP