सूरजपुर में हजारों नशीले कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है. आबकारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8352 नग नशीले कैप्सूल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है.
आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता के निर्देश तथा कलेक्टर एस. जयवर्धन और प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी अनिल कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई.
मिली जनाकारी के अनुसार वृत सूरजपुर प्रभारी एवं आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंच मंदिर पारा, कब्रिस्तान मोहल्ला, थाना सूरजपुर क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से नशीले कैप्सूल का विक्रय कर रहा है.
सूचना पर तत्काल दबिश देकर टीम ने मौके से मो. रोशन पिता अमीनुद्दीन (उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार किया. आरोपी के कब्जे से SPASMO-PROXYVON PLUS(ट्रामाडोल) के कुल 8352 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया.
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है. पूरी कार्रवाई एवं विवेचना आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा द्वारा की गई. इस अभियान में आबकारी मुख्य आरक्षक मेवालाल सोनवानी, कृष्णा प्रसाद कुशवाहा, आरक्षक कमलेश्वर राजवाड़े, महिला आरक्षक जमुना एक्का तथा वाहन चालक प्रमोद साहू और योगेंद्र पांडे का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
गौरतलब है कि SPASMO-PROXYVON PLUS / ट्रामाडोल एक दर्द निवारक दवा है, जिसका उपयोग चिकित्सकीय रूप से मध्यम से तीव्र दर्द में किया जाता है. लेकिन इसमें मौजूद ट्रामाडोल मस्तिष्क पर असर डालकर सुकून और नशे जैसी अनुभूति पैदा करता है. जिससे इसके दुरुपयोग और लत लगने का खतरा रहता है.
अधिक या लंबे समय तक सेवन करने पर चक्कर, उलटी, नींद, मानसिक अवसाद, सांस लेने में परेशानी और ओवरडोज की स्थिति में जानलेवा असर हो सकता है. साथ ही लीवर और किडनी को भी नुकसान पहुंचता है.
ट्रामाडोल NDPS एक्ट के तहत नियंत्रित मादक पदार्थ है और बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के इसका रखना, बेचना या उपयोग करना कानूनी अपराध है. जिस पर कड़ी सजा का प्रावधान है, इसलिए इसका प्रयोग केवल डॉक्टर की सलाह और निर्धारित मात्रा में ही किया जाना चाहिए.