राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों में हुआ छत्तीसगढ़ का नाम
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों में चमका छत्तीसगढ़- साय
रायपुर | संवाददाताः भारत सरकार द्वारा 71 वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों की घोषणा में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बनी नॉन फीचर फिल्म 'The First Film' को दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं. बेस्ट डायरेक्शन के लिए पीयूष ठाकुर और बेस्ट म्युजिक डायरेक्शन के लिए प्रानिल देसाई के नाम की घोषणा हुई है. रायगढ़ इप्टा के सहयोग से 2018 में पीयूष ठाकुर के निर्देशन में The First FIlm का निर्माण हुआ था.
वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दीपक किंगरानी को फ़िल्म ‘सिर्फ एक बंदा काफ़ी है’ में सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है.
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बधाई देते हुए लिखा है- “ राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कारों में चमका छत्तीसगढ़.
71वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है.
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दीपक किंगरानी को फ़िल्म ‘सिर्फ एक बंदा काफ़ी है’ में सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है.
वहीं रायगढ़ इप्टा के सहयोग से बनी नॉन-फ़ीचर फ़िल्म 'The First Film' को दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं. रायगढ़ के लोकेशंस में फिल्मायी गयी इस फ़िल्म में रायगढ़ के कलाकारों ने कार्य किया है.
छत्तीसगढ़ की मिट्टी से निकली रचनात्मकता पूरे देश में सराही जा रही है. यह पुरस्कार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मक क्षमता और कला जगत के प्रति समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है.
हर छत्तीसगढ़वासी के लिए यह गौरव और प्रेरणा का क्षण है. आप सभी को इस उपलब्धि हेतु हार्दिक शुभकामनाएं.”
रायगढ़ के कलाकारों ने किया काम
The First FIlm में इप्टा रायगढ़ के निर्देशक अजय आठले, ऊषा आठले, शिबानी मुखर्जी, प्रियंका बेरिया, वासुदेव निषाद, विवेकानंद, टोनी चावड़ा, स्वप्निल, युवराज सिंह “आज़ाद” सहित कोरस में रायगढ़ के ही कई लोगों ने काम किया है.
तक़नीकी पक्ष में FTII से पास आऊट अनादि आठले के साथ रायगढ़ इप्टा के साथी भरत निषाद और श्याम देवकर ने काम किया है. लोकेशंस की अगर बात करें तो The First FIlm को रायगढ़ के भिखारीमाल गांव में फ़िल्माया गया है साथ ही गोपी टॉकीज़, तत्कालीन सांसद बंगला (अभी रायगढ़ विधायक वित्तमंत्री ओपी चौधरी का बंगला) को भी लोकेशन के तौर पर इस्तेमाल किया गया था.
The First Film के लिए निर्देशन प्रशस्ति में पीयूष ठाकुर के संदर्भ में कहा गया है कि “निर्देशक ने सिनेमा के जादू और अनकहे रोमांस को चंचलता व कोमलता से अभिव्यक्त किया है. कथा में नारी सशक्तिकरण और व्यक्तिगत स्वायत्तता की सूक्ष्म परतें इस बात का प्रमाण हैं कि निर्देशक को माध्यम की गहरी समझ है.”
वहीं The First FIlm के संगीत निर्देशन प्रशस्ति में प्रानिल देसाई के संदर्भ में कहा गया है कि “फिल्म में संगीत का प्रयोग भावनाओं और पात्रों के मनोभावों को उभारने के लिए चंचलता से किया गया है. तबले के आनंददायक प्रयोग से परंपराओं में रची-बसी कालातीत भावनाओं को प्रभावशाली रूप से व्यक्त किया गया.”
The First Film को दो राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिलने से छत्तीसगढ़ को फ़िल्म निर्माण के लिहाज़ से राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर बड़ी पहचान मिली है, रायगढ़ के कला जगत के लिए गौरव की बात तो है ही. यहां ये बताना भी ज़रूरी है कि The First Film को इससे पहले कई अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म फेस्टिवल में प्रदर्शन के शामिल किया जा चुका है, वहां से भी अलग अलग कैटेगरी में कई अवॉर्ड इस फ़िल्म के खाते में आ चुके हैं.