मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल पश्चिम बंगाल के नए मुख्य सचिव नियुक्त
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. सोमवार को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रवाल अब राज्य के शीर्ष नौकरशाह की जिम्मेदारी संभालेंगे.
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग के निर्देश पर चलाए गए मतदाता सूची शोधन अभियान (SIR) का नेतृत्व अग्रवाल ने ही किया था, जिसके तहत करीब 91 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे. माना जा रहा है कि चुनाव के दौरान उनके कुशल प्रबंधन और नेतृत्व पर चुनाव आयोग के भरोसे ने इस बड़ी नियुक्ति में अहम भूमिका निभाई है.
वहीं, वर्तमान मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला को नई दिल्ली में प्रधान स्थानीय आयुक्त (Principal Resident Commissioner) नियुक्त किया गया है. 1993 बैच के आईएएस अधिकारी नारियाला को चुनाव आयोग ने नंदिनी चक्रवर्ती के स्थान पर मुख्य सचिव बनाया था.
पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में यह एक ऐतिहासिक मोड़ है, जहां भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर पहली बार राज्य की सत्ता संभाली है.
294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीएमसी मात्र 80 सीटों पर सिमट गई. नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को नई सरकार द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के पहले बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है.