बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

चीन में बच्चों की जन्मदर बढ़ाने चाइल्डकेयर सब्सिडी शुरू

C

CG Khabar

06 जन. 2026, 01:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

चीन के बच्चे
चीन के बच्चे

बीजिंग । डेस्क: चीन ने वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय चाइल्डकेयर सब्सिडी योजना के तहत नए आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत तीन वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे के लिए पात्र परिवारों को सालाना 3,600 युआन (करीब 513 अमेरिकी डॉलर) की कर-मुक्त एकमुश्त सहायता दी जाएगी.


सरकारी अधिकारियों के अनुसार, पात्र माता-पिता, अलीपे और वीचैट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के अलावा ऑफलाइन माध्यमों से भी आवेदन कर सकते हैं. यह योजना जुलाई 2025 में शुरू की गई थी, जिससे अब तक देशभर में 2.4 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिल चुका है. 

विज्ञापन


राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में चाइल्डकेयर सब्सिडी वितरण की दर करीब 80 प्रतिशत रही.


इस योजना के समर्थन में चीन के केंद्र सरकार ने 2025 के लिए केंद्रीय बजट से 90 अरब युआन आवंटित करने की योजना बनाई थी. यह कदम चीन में घटती जन्मदर और बदलते जनसांख्यिकीय परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है. 


गौरतलब है कि देश में तीन साल से कम उम्र के बच्चों की संख्या करीब 3 करोड़ है, जबकि जन्मदर लगातार सात वर्षों तक गिरने के बाद 2024 में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई.


इसके साथ ही चीन की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की आबादी 2024 के अंत तक 31 करोड़ तक पहुंच गई है. ऐसे में सरकार परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए कई नीतिगत कदम उठा रही है. 


प्रत्यक्ष सब्सिडी के अलावा, तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों की देखभाल और शिक्षा को आयकर में अतिरिक्त कटौती के दायरे में शामिल किया गया है, जिसकी सीमा बढ़ाकर प्रति बच्चे प्रति माह 2,000 युआन कर दी गई है.


सरकार ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में बच्चे के जन्म और पालन-पोषण से जुड़ी लागत कम करने के लिए और भी नीतियां लागू की जाएंगी. इनमें 2026 तक प्रसव से जुड़े बुनियादी खर्चों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बीमा कवरेज सुनिश्चित करने की योजना भी शामिल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP