ईरान में गृहयुद्ध जैसे हालात, प्रदर्शनों में 500 की मौत
तेहरान । डेस्क: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया है, जिसमें अब तक 500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है. मानवाधिकार संगठन 'हरना' (HRANA) द्वारा रविवार, 11 जनवरी 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों से जारी इस अशांति में 490 प्रदर्शनकारी और 48 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं, जबकि 10,600 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
यह 2022 के बाद से इस्लामिक गणराज्य के कट्टरपंथी शासन के खिलाफ सबसे बड़ा विद्रोह माना जा रहा है.
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव युद्ध के मुहाने पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग जारी रहा, तो अमेरिका सैन्य हस्तक्षेप कर सकता है.
वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप मंगलवार को सैन्य हमले, गुप्त साइबर हथियारों के उपयोग और ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाने जैसे विकल्पों पर ब्रीफिंग लेंगे.
अमरीका को देंगे कड़ा जवाब
इधर ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कलिबाफ ने जवाबी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अमेरिका ने हमला किया, तो इजरायल समेत क्षेत्र में स्थित सभी अमेरिकी ठिकाने और जहाज उनके निशाने पर होंगे.
ईरान में बढ़ती महंगाई और आर्थिक बदहाली के खिलाफ 28 दिसंबर से शुरू हुए ये विरोध प्रदर्शन अब सीधे तौर पर सत्ता परिवर्तन की मांग में बदल चुके हैं. स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए अधिकारियों ने गुरुवार से पूरे देश में इंटरनेट बंद कर दिया है, फिर भी तेहरान और मशहद जैसे शहरों से बड़े पैमाने पर हिंसा और आगजनी की खबरें आ रही हैं.
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इन प्रदर्शनों के पीछे अमेरिका और इजरायल का हाथ बताया है. जवाब में, इजरायल ने भी अपनी सेना को हाई-अलर्ट पर रखा है. तनाव को देखते हुए ईरान ने रविवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और ब्रिटेन के राजदूत को भी तलब कर विरोध दर्ज कराया है.