गुरू, 12 नव. 2026

CGKhabar

मोबाइल से नागरिकता पहचान का दावा, गाजियाबाद पुलिस पर सवाल

C

CG Khabar

02 जन. 2026, 09:55 AM 4 मिनट में पढ़ें 13

गाजियाबाद वीडियों
गाजियाबाद वीडियों

लखनऊ । डेस्क: उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से सामने आए एक वायरल वीडियो ने नागरिकता जांच की प्रक्रिया और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कौंशाम्बी थाना क्षेत्र के कुछ पुलिसकर्मियों को एक बस्ती में कथित तौर पर मोबाइल फोन को “नागरिकता पहचानने वाला यंत्र” बताकर लोगों की पहचान करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में एक व्यक्ति की पीठ पर मोबाइल फोन टिकाकर पुलिसकर्मी यह दावा करते हैं कि वह व्यक्ति बांग्लादेश से आया है.


हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है और न ही सीजीखबर डॉट कॉम ने इसकी पुष्टि करती है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सार्वजनिक बहस का विषय बन गया है. नागरिक अधिकारों, संवैधानिक मूल्यों और पुलिस की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

विज्ञापन



वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पुलिस अधिकारी बस्तीवासियों से कहते हैं, “झूठ मत बोलिए, हमारे पास एक यंत्र है. इसमें झूठ पकड़ में आ जाएगा.” इसके बाद वह एक व्यक्ति की पीठ पर मोबाइल फोन रखते हैं और कुछ सेकंड बाद कहते हैं कि “यंत्र बता रहा है कि यह व्यक्ति बांग्लादेशी है.” 

मौके पर मौजूद एक महिला और एक नाबालिग लड़की पुलिस को मोबाइल फोन में दिख रहे अपने पहचान पत्र दिखाते हुए दावा करती हैं कि वे बिहार के अररिया जिले की निवासी हैं. इसके बावजूद पुलिसकर्मी उनके दावे को स्वीकार नहीं करते.


इस घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे. आलोचकों का कहना है कि बिना किसी वैध दस्तावेजी प्रक्रिया या अधिकृत जांच के इस तरह किसी व्यक्ति को विदेशी घोषित करना न केवल कानूनन गलत है, बल्कि मानवाधिकारों का भी उल्लंघन है. वहीं कई लोगों ने इसे डराने-धमकाने की कार्रवाई करार दिया है.


विवाद बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं. इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के नेतृत्व में इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. इस संबंध में डीसीपी (ट्रांस-हिंडन) निमिष पाटिल ने सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो रूटीन चेकिंग के दौरान बनाया गया था. 

उनके अनुसार, 23 दिसंबर को बिहारी मार्केट इलाके में कौंशाम्बी थाने की पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स के साथ मिलकर नियमित तलाशी अभियान चलाया था.


डीसीपी ने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो में दिखाई गई कार्रवाई किस संदर्भ में और किस उद्देश्य से की गई थी. 


हालांकि, उन्होंने वीडियो में दिख रहे पुलिस अधिकारी का नाम सार्वजनिक नहीं किया. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी का नाम अजय शर्मा बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.


कानून विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में नागरिकता तय करने की प्रक्रिया स्पष्ट कानूनों और दस्तावेजों पर आधारित है. किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या मोबाइल फोन से नागरिकता की पहचान संभव नहीं है. ऐसे में पुलिस द्वारा इस तरह का दावा करना लोगों में भय पैदा कर सकता है और प्रशासन की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा सकता है.


फिलहाल, सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं. यह देखना अहम होगा कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है और क्या संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है. यह मामला एक बार फिर इस सवाल को सामने लाता है कि कानून के पालन की जिम्मेदारी निभाने वाले तंत्र को स्वयं कानून और संवैधानिक मर्यादाओं के दायरे में रहकर काम करना कितना जरूरी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP