नौकरी जाने पर कंपनियों को देना होगा छंटनी मुआवजा और री-स्किलिंग फंड
नई दिल्ली । डेस्क: नए लेबर कोड और केंद्र सरकार के नियमों के तहत यदि किसी कर्मचारी को व्यावसायिक कारणों से नौकरी से निकाला जाता है, तो कंपनियों को उन्हें एक विशेष मुआवजा देना होगा. इसके साथ ही, नियोक्ताओं को एक री-स्किलिंग फंड (पुनः कौशल विकास कोष) में भी योगदान करना अनिवार्य किया गया है. इसका मतलब है कि नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों को अब दो तरह के वित्तीय लाभ मिलेंगे पहला छंटनी मुआवजा (रिट्रेंचमेंट कंपनसेशन) और दूसरा री-स्किलिंग फंड का पैसा.
पीडब्ल्यूसी इंडिया (PwC India) के पार्टनर लोकेश गुलाटी के अनुसार, इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोड 2020 की धारा 83 और अध्याय XI के तहत, नियोक्ता को छंटनी किए गए कर्मचारी के अंतिम आहरित वेतन के 15 दिनों के बराबर की राशि वर्कर री-स्किलिंग फंड में जमा करनी होगी. यह योगदान छंटनी के 45 दिनों के भीतर निर्धारित प्राधिकरण के माध्यम से सीधे कर्मचारी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
गुलाटी ने स्पष्ट किया कि यह फंड नियोक्ता द्वारा सीधे दिए जाने वाले छंटनी मुआवजे के अतिरिक्त होगा.
छंटनी मुआवजे की शर्तों को लेकर उन्होंने बताया कि कोड के अध्याय IX और X के तहत, प्रभावित कर्मचारी को उसकी हर एक साल की निरंतर सेवा (या 6 महीने से अधिक की अवधि) के बदले 15 दिनों के औसत वेतन के बराबर वैधानिक मुआवजा दिया जाएगा.
कंपनियों को छंटनी के समय ही कर्मचारियों के वेतन और बैंक खातों से जुड़े सभी जरूरी विवरण संबंधित प्राधिकरण को सौंपने होंगे.
यह नियम 50 से अधिक कर्मचारियों वाले कारखानों, खदानों और वृक्षारोपण (प्लांटेशन) जैसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लागू होंगे.
हालांकि, मौसमी या रुक-रुक कर काम करने वाले और 50 से कम कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों को इससे छूट दी गई है.
वहीं, री-स्किलिंग फंड का दायरा अधिक व्यापक रखा गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रभावित श्रमिकों को इसका लाभ मिल सके. नियम के मुताबिक, कंपनियों के लिए री-स्किलिंग फंड में योगदान की बाध्यता तभी शुरू होगी जब वे किसी कर्मचारी की छंटनी करेंगी.