झारखंड में छत्तीसगढ़ के 10 लोगों की मौत पर मुआवजे का एलान
रायपुर । संवाददाता: झारखंड के लातेहार जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कम से कम 10 निवासियों की मौत हो गई और 80 से अधिक लोग घायल हो गए. यह हादसा महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा बंगलादरा घाट के पास हुआ, जब शादी समारोह में जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई.
मृतकों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सहायता सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले अन्य लाभों और बीमा राशि के अतिरिक्त होगी.
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. फिलहाल स्थानीय प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है.