कांग्रेस ने 'वोट चोरी' को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा
पटना । डेस्क: कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में आयोजित अपनी बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की कड़ी आलोचना की. सीडब्ल्यूसी ने अपने प्रस्ताव में कहा कि मोदी की नीति विफल रही है, जिसके कारण भारत कूटनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ गया है और अपने राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित करने में असमर्थ रहा है. पार्टी ने भारत की विदेश नीति के 'पतन' पर गहरी चिंता जताई.
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पटना में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
बैठक में 'वोट चोरी' के आरोपों पर केंद्र में सत्तारूढ़ बीजेपी पर जमकर निशाना साधा गया. सीडब्ल्यूसी ने बिहार में मतदाता सूची संशोधन को 'बीजेपी के गंदे हथकंडों' का हिस्सा बताया, जिसका उद्देश्य हाशिए पर मौजूद समुदायों के मताधिकार को छीनना है.
प्रस्ताव में कहा गया, "वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं ने लोकतंत्र की नींव को हिला दिया है."
कांग्रेस ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि बिहार चुनाव "भ्रष्ट, अक्षम सरकार" के भाग्य को तय करेगा. पार्टी ने संविधान और गणतंत्र को बहाल करने तथा सभी के लिए न्याय, सम्मान और समानता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.
विदेश नीति पर कांग्रेस ने गाजा में हो रहे नरसंहार पर दुख जताया और भारत को 'नैतिक चेतना का प्रतीक' बताते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने इसे 'मूक दर्शक' बना दिया है. इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने के दावों पर सरकार की चुप्पी की भी आलोचना की गई.
कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सरकार ने 'आर्थिक तबाही' मचाई है, जबकि आंकड़ों में हेरफेर कर समृद्ध अर्थव्यवस्था का भ्रम पैदा किया जा रहा है.