सूरजपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल: आज पहुंचेंगे भूपेश बघेल और टीएस सिंह देव
सूरजपुर । संवाददाता: सत्ता पक्ष के दबाव में एकतरफा पुलिसिया कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने सूरजपुर जिले में मोर्चा खोल दिया है. शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुई एफआईआर के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार से विश्रामपुर थाने के घेराव के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है.
कड़ाके की धूप और फिर रात की ठंड के बीच दीपक बैज, एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, सांसद ज्योत्सना महंत और सूरजपुर जिला अध्यक्ष शशि सिंह समेत दर्जनों दिग्गज पूरी रात थाने के बाहर दरी बिछाकर डटे रहे. कांग्रेस का साफ कहना है कि जब तक राजनीतिक द्वेष से लगाई गई आर्म्स एक्ट की धाराएं वापस नहीं ली जातीं, यह आंदोलन खत्म नहीं होगा.
इस सियासी घमासान के बीच अब कांग्रेस के शीर्ष नेता भी जमीन पर उतर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव भी बुधवार को विश्रामपुर पहुंचकर इस धरने में शामिल होंगे.
इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पुलिसिया कार्रवाई की हकीकत जानने के लिए एक 7 सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया है, जिसमें सरगुजा, बलरामपुर, कोरिया और एमसीबी के जिला अध्यक्षों सहित वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है. यह कमेटी मौके पर जाकर पूरे विवाद की पड़ताल करेगी.
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत शनिवार को हुई जब भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय और कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के बीच उनके प्रतिष्ठान पर चुनावी हार-जीत को लेकर तीखी बहस हुई थी.
कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यकर्ता ने सत्ता की धौंस दिखाते हुए नरेंद्र जैन को उकसाया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने आनन-फानन में नरेंद्र जैन के खिलाफ गाली-गलौज और कटार लहराने का आरोप लगाते हुए आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया.
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी निष्पक्ष जांच के केवल भाजपा के इशारे पर यह कदम उठाया है.
धरना प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखे तेवर दिखाए. बैज ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि खाकी को सत्ता की दलाली बंद करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झीरम घाटी का दंश झेला है, इसलिए वे एनएसए या किसी अन्य दमनकारी धाराओं से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिना प्राथमिक जांच के सीधे आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं कैसे लागू कर दी गईं?
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव को प्रभावित करने और विपक्ष को डराने के लिए भाजपा प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है.