बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

क्या कांग्रेस बदल रही है?

C

CG Khabar

01 जुल. 2026, 08:20 AM 6 मिनट में पढ़ें 39

कांग्रेस
कांग्रेस

दिवाकर मुक्तिबोध


छत्तीसगढ़ के आगामी विधानसभा चुनाव में क्या कांग्रेस भाजपा को सत्ता से बेदखल कर सकती है? चूंकि वर्तमान कार्यकाल पूरा होने में अभी करीब ढाई वर्ष शेष हैं, इसलिए फिलहाल यह सवाल अप्रासंगिक है. फिर भी पार्टी की जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि वह भाजपा को माकूल जवाब देने की स्थिति में है. यदि मुद्दों पर आधारित उसकी आक्रामकता और जनता से जुड़ाव और सघन हुआ, तो कोई कारण नज़र नहीं आता कि वह चुनाव न जीत सके. यह इसलिए भी संभव है क्योंकि विष्णुदेव साय सरकार का अब तक का कामकाज सामान्य जन की दृष्टि से भी अप्रभावी रहा है. उसकी यह छवि 2028 के चुनाव में उसकी संभावनाओं को कमज़ोर कर रही है.

विज्ञापन


यद्यपि भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है तथा एक चुनाव के निपटने के बाद अगले चुनाव की सांगठनिक तैयारियां शुरू हो जाती हैं, लेकिन किसी भी चुनाव के संदर्भ में सरकार का कामकाज बहुत मायने रखता है. लिहाज़ा, चुनाव से पहले प्रदेश संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व कुछ फेरबदल कर सकता है, ताकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथ मजबूत हो सकें. उन्हें हटाए जाने की संभावना फिलहाल नज़र नहीं आती. वजह स्पष्ट है. एक तो वे स्वच्छ और सरल प्रकृति के हैं, दूसरे वे उस आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाता है. पिछले चुनाव में इसी समाज की 29 में से 18 सीटें भाजपा ने जीती थीं. इसलिए उन्हें हटाने का जोखिम पार्टी नहीं उठा सकती.


इसी संदर्भ में एक और वजह है- बस्तर और उसका विकास. बस्तर के नक्सल-मुक्त होने के बाद उसके कथित विकास का संकल्प सरकार की उच्च प्राथमिकताओं में है, जिसे अडानी जैसे उद्योगपतियों के जरिए पूरा करने की योजना है. इसके अलावा चुनावी दृष्टि से एक और प्रमुख कारण कांग्रेस की गतिशीलता और उसकी आक्रामकता है, जो अब भाजपा सरकार और संगठन, दोनों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है. इसीलिए साय सरकार को उसकी कमज़ोर छवि से बाहर निकालने के लिए मंत्रिमंडल में फेरबदल अवश्यंभावी प्रतीत होता है. राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा काफी समय से चल रही है.


2028 के चुनाव के लिए भाजपा जहां अपनी विशिष्ट तैयारियों में जुट चुकी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी पीछे नहीं है. दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अब उस राह पर चलती दिखाई दे रही है, जो ऊबड़-खाबड़ नहीं बल्कि सीधी-सपाट है और पार्टी को सीधे चुनाव मैदान में ले जाती है. वह अपने अंतर्विरोधों से उबरने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस के तीन बड़े नेता- भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत, गुटीय प्रतिद्वंद्विता को फिलहाल किनारे रखकर जनहित के अनेक मुद्दों पर अलग-अलग और संयुक्त रूप से सड़क पर उतरे हैं. संगठन को नए जिलाध्यक्ष मिल गए हैं, जो अपेक्षाकृत युवा हैं. अनुभव और युवा ऊर्जा का संयुक्त मेल इस नई कांग्रेस में दिखाई पड़ता है, जिसे राहुल गांधी की कांग्रेस कहा जाता है.


राजनीति से परे, लेकिन कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ाव महसूस करने वाले लोगों के दिलों में उम्मीदें जग रही हैं कि संगठन कुछ बेहतरी की ओर बढ़ रहा है. वह अपनी कमजोरियों पर काबू पाने की कोशिश कर रहा है. इस संदर्भ में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को अहम माना जा रहा है. अभनपुर में हाल ही में सम्पन्न जिलाध्यक्षों और प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, अलका लांबा, सचिन पायलट, पवन खेड़ा, भूपेश बघेल, चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, दीपक बैज सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन से प्रतीत होता है कि प्रदेश कांग्रेस उन गलतियों को दोहराना नहीं चाहती, जिनकी वजह से उसे 2023 में तथा इसके पूर्व के चुनावों में सत्ता से बेदखल होना पड़ा था. इस मायने में अभनपुर शिविर कांग्रेस और उसके नए जिलाध्यक्षों के लिए उत्साहवर्धक रहा है.


यह स्पष्ट है कि चुनाव जीतने के दो ही मंत्र हैं- जनता से सीधा संवाद और संगठन में एकजुटता, जो भीतर भी दिखाई दे और बाहर भी. शिविर के दौरान युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया. उन्हें तयशुदा गांवों में एक रात बिताने तथा मनरेगा श्रमिकों के बीच काम करने भेजा गया, ताकि वे जमीनी हकीकत से वाकिफ़ हो सकें. प्रशिक्षण शिविर में मीडिया सहित चुनाव प्रबंधन के तमाम पक्षों, विशेषकर बूथ मैनेजमेंट, पर विस्तार से चर्चा हुई और विचार साझा किए गए.


शिविर के दस दिन पूरे हो चुके हैं. अब प्रशिक्षित जिलाध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में सक्रिय होना है. कांग्रेस का जोर युवाओं पर अधिक है. यद्यपि वरिष्ठ और उम्रदराज नेताओं के अपने-अपने गुट अभी भी काफी प्रभावशाली हैं, लेकिन नए युवा नेताओं के साथ उनका तालमेल बिठाने की कवायद भी चल रही है. वैसे यह स्थापित सत्य है कि कांग्रेस यदि खुद को बदलने के लिए तैयार है, तो उसका फार्मूला एक ही है- परस्पर विश्वास और अपने राजनीतिक स्वार्थ को परे रखकर पार्टी के प्रति सम्पूर्ण निष्ठा की भावना.


यदि ऐसा हो सका, तो दूसरा मंत्र है- आम लोगों की तरह आम बने रहना, उनके बीच घुल-मिल जाना, उनका भरोसा जीतना, शहरों और गांवों की जमीनी हकीकत को समझना तथा उनसे निरंतर संवाद बनाए रखना. राज्य की सत्ता गांवों से ही निकलती है. इसलिए आपसी संवाद और विचार-विमर्श की निरंतरता के लिए सिर्फ एक शिविर काफी नहीं है. जिलों में समय-समय पर कार्यकर्ताओं के लिए भी ऐसे शिविर आयोजित होने चाहिए. इससे ऊर्जा मिलती है और उत्साह बढ़ता है. जाहिर है कि शिविर से युवाओं को मार्गदर्शन तो मिल सकता है, पर उसे व्यवहार में उतारने के लिए कठिन श्रम और ईमानदार कोशिशों की आवश्यकता है. क्या नए जिलाध्यक्ष यह कर पाएंगे? यह भी सवाल है कि क्या सुविधाभोगी और गुटीय राजनीति में उलझे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने युवाओं के पीछे खड़े रहेंगे?


संगठन के नेताओं को यह समझना होगा कि कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने, उनका विश्वास जीतने और उन्हें सम्मान देने के अलावा जीत का कोई दूसरा रास्ता नहीं है. यदि अगले दो-ढाई वर्षों में प्रदेश कांग्रेस संगठन यह काम कर पाया, तो उसकी तैयार होने वाली चुनावी फौज निश्चित रूप से भाजपा के चक्रव्यूह को तोड़ने में समर्थ होगी. फिलहाल कांग्रेस में ऐसी ज़िद दिखाई दे रही है. अब यह देखना होगा कि यह ज़िद आने वाले महीनों में संगठन की कार्यशैली और चुनावी तैयारी में कितनी दिखाई देती है.


*लेखक हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP