दुर्ग में कांग्रेस का हल्लाबोल, कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों का विरोध
दुर्ग । संवाददाता: आसमान छूती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते दामों के विरोध में दुर्ग जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दुर्ग शहर, ग्रामीण और भिलाई नगर कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से चंडी मंदिर चौक पर विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया.
शाम ढलते ही शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भारी संख्या में शामिल हुए.
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी करार दिया. उन्होंने कहा कि हर महीने की पहली तारीख अब आम आदमी के लिए राहत के बजाय आफत लेकर आ रही है.
ठाकुर ने आंकड़ों के जरिए सरकार को घेरते हुए बताया कि पिछले तीन महीनों के भीतर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगभग 1300 रुपये का भारी इजाफा किया गया है. उनके अनुसार, मार्च में 114.50 रुपये, अप्रैल में 195.50 रुपये और मई की शुरुआत होते ही 993 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी ने छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है.
वहीं, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने चुनाव परिणामों के बाद बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने राहुल गांधी की पूर्व चेतावनी का स्मरण कराते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही जनता पर महंगाई का बोझ डालना भाजपा की कार्यशैली रही है.
बाकलीवाल ने चिंता जताई कि दिसंबर 2023 से अब तक कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगभग दोगुने होकर 3100 रुपये के करीब पहुंच चुके हैं. कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि गैस की इन बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर होटल, रेस्तरां और जलपान गृहों पर पड़ेगा, जिससे अंततः आम जनता की थाली और जेब दोनों प्रभावित होंगे. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई, तो यह आंदोलन और उग्र होगा.