इंद्रावती नदी बचाने कांग्रेसियों ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव
छत्तीसगढ़ के दगदलपुर में कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर ज्ञापन सौंपा
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में कांग्रेस के द्वारा निकाली गई इंद्रावती नदी बचाओ पदयात्रा के आखिरी दिन कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया. इस दौरान कलेक्ट्रेट के बाहर सुरक्षा में लगे जवानों और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमा झटकी हुई.
दरअसल इंद्रावती नदी में गहराते जल संकट को दूर करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने इंद्रावती बचाओ पदयात्रा की शुरुआत बीते 28 अप्रैल को चित्रकोट जलप्रपात से की थी.
जिसके बाद करीब 40 किलोमीटर तक, 2 दिन पैदल चलकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित किसान जगदलपुर पहुंचे और यहां कलेक्ट्रेट का घेराव किया.
इस पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जब तक सूखती इंद्रावती नदी का स्थाई समाधान नहीं निकल जाता, तब तक हम शांत नहीं बैठेंगे.
भविष्य में भी कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा.
कलेक्ट्रेट के घेराव के बाद पीसीसी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के नाम जगदलपुर के अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.
पर्यटन और फसल दोनों को नुकसान
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिस तरह से इंद्रावती नदी में जल संकट गहरा रहा है, ऐसे में आने वाले समय में बस्तर वासियों को पानी के लिए काफी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. समाधान निकाल लेने के नाम पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री बस्तरवासियों को झूठी जानकारी दे रहे हैं, क्योंकि इंद्रावती नदी की हालत जस की तस बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि आगामी 2 महीने तक बस्तर वासियों को भारी जल संकट का सामना करना पड़ सकता है.
दीपक बैज ने यह भी कहा कि इंद्रावती नदी में पानी नहीं होने से बस्तर का पर्यटन भी काफी प्रभावित हो रहा है.धीरे-धीरे चित्रकोट वाटरफॉल पर्यटन स्थल से सैलानियों की संख्या घटती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हुई है. साथ ही पानी नहीं होने की वजह से सैकड़ों किसानों की फसल बर्बाद हो रही है.
इंद्रावती विकास प्राधिकरण पर ताला
कांग्रेसियों का कहना है कि कांग्रेस के कार्यकाल में इंद्रावती विकास प्राधिकरण का गठन किया गया लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद इस कार्यालय में ताला जड़ दिया गया.
वहीं कांग्रेस कार्यकाल में मटनार और देउरगांव में बैराज भी प्रस्तावित थे, लेकिन इसे भी भाजपा द्वारा रद्द कर दिया गया.
आलम यह है कि आगामी दिनों में बूंद-बूंद पानी के लिए बस्तर वासियों को तरसना पड़ सकता है.
इधर इंद्रावती नदी को लेकर किए गए कांग्रेसियों के प्रदर्शन पर अब तक सरकार या भाजपा की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है.