लिव-इन रिलेशनशिप में सहमति से संबंध बलात्कार नहीं: इलाहाबाद हाईकोर्ट
प्रयागराज । डेस्क: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाल ही में अपहरण और यौन शोषण के एक मामले में आरोपी की उम्रकैद की सजा को रद्द करते हुए महत्वपूर्ण टिप्पणी की है. कोर्ट ने पाया कि संबंधित महिला बालिग थी और वह अपनी मर्जी से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी.
न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा की खंडपीठ ने अपील स्वीकार करते हुए कहा कि युवाओं में लिव-इन रिलेशनशिप का बढ़ता चलन "पश्चिमी विचारों" से प्रभावित है. अदालत ने इस बात पर चिंता जताई कि जब ऐसे रिश्ते विफल हो जाते हैं, तो अक्सर बलात्कार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करा दी जाती है.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मौजूदा कानून काफी हद तक महिलाओं के पक्ष में हैं, जिसके कारण पुरुषों को अक्सर उन धाराओं में दोषी ठहरा दिया जाता है जो लिव-इन संबंधों की अवधारणा आने से पहले बनी थीं.
इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी चंद्रेश को पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में उम्रकैद की सजा सुनाई थी. अभियोजन पक्ष का दावा था कि उसने एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अगवा किया और बेंगलुरु ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए.
हालांकि, हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड की समीक्षा के दौरान पाया कि युवती की उम्र के मेडिकल परीक्षण को ट्रायल कोर्ट ने नजरअंदाज किया था, जिसमें उसकी आयु लगभग 20 वर्ष बताई गई थी. अदालत ने यह भी नोट किया कि युवती ने सार्वजनिक परिवहन से लंबी यात्रा की और छह महीने तक घनी आबादी वाले इलाके में रहने के बावजूद कभी कोई शोर नहीं मचाया, जो साबित करता है कि वह अपनी मर्जी से गई थी.
हाईकोर्ट ने माना कि पीड़िता बालिग थी और सहमति से संबंध में थी, इसलिए अपहरण और बलात्कार की सजा पूरी तरह अनुचित है.