छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड की पहल पर घमासान
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड द्वारा मस्जिदों, मदरसों और इमामबाड़ों में स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के आयोजन के लिए सीमित आर्थिक सहायता देने के फैसले ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.
प्रस्ताव के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वक्फ संस्थानों को ₹5,000 से ₹7,000 तक की सहायता देने की बात कही गई है, ताकि राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण, मिष्ठान वितरण और संविधानिक मूल्यों पर चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें.
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय आयोजनों में सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है.
उन्होंने कहा कि देशभक्ति को लेकर बार-बार उठने वाले सवालों की पृष्ठभूमि में यह पहल की गई है और इसका किसी भी प्रकार का राजनीतिक या धार्मिक ध्रुवीकरण से कोई संबंध नहीं है.
कांग्रेस ने इस निर्णय की मंशा और औचित्य पर सवाल उठाए हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सलीम राज ने कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों को लंबे समय तक वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि राष्ट्रीय पर्वों में भागीदारी सच्चे राष्ट्रवाद का प्रतीक है.
वहीं, पूर्व वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलाम रिज़वी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में कांग्रेस की भूमिका का हवाला दिया. उन्होंने बोर्ड की सीमित बजट क्षमता और राज्य में मौजूद हजारों वक्फ संपत्तियों का उल्लेख करते हुए इस योजना की व्यवहारिकता पर भी सवाल उठाए.
सलाम रिज़वी ने यह भी कहा कि यदि सार्वजनिक धन से राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन में सहायता दी जाती है, तो यह सभी धार्मिक संस्थानों, मंदिरों और चर्चों के लिए समान रूप से होनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की पक्षपात की धारणा न बने.
एक प्रशासनिक निर्णय से शुरू हुआ यह मामला अब धर्म, सार्वजनिक धन और राष्ट्रीय प्रतीकों के आपसी संबंधों पर व्यापक बहस का रूप ले चुका है.