गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर विवाद
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इन दिनों गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस बीच शहर के कुछ पंडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है.
सोमवार को सर्व हिन्दू समाज के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में रायपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है.
प्रतिनिधि मंडल का आरोप है कि मूल स्वरूप से भिन्न मूर्ति बनाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया जा रहा है. इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
राजधानी रायपुर के विभिन्न पंडालों में इस साल एक से बढ़कर एक मनमोहक और भव्य गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई है. जिसे देखने के लिए सुबह से देर रात तक दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है.
लेकिन कुछ पंडालों में गणेश प्रतिमाओं के मूल स्वरूप को ही बदल दिया गया है. यहां कुछ प्रतिमाओं को कार्टून, बेबी डॉल, जैसे कई गैर परंपरागत रूपों में ढाला गया है. जिसका हिन्दू संगठन ने विरोध जताया है.
संगठन का कहना है कि गणपति भगवान हमारे धर्म में प्रथम पूज्य माने जाते हैं. हर साल भव्य पंडाल बनाकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है. गणपति का मूल स्वरूप ही उनकी पहचान है.
इस बार रायपुर शहर के कुछ आयोजकों ने पारंपरिक स्वरूप से छेड़छाड़ करते हुए गणपति की मूर्तियों को कार्टून सहित अनेक प्रकार के स्वरूपों में प्रस्तुत कर भगवान के मूल स्वरूप को विकृत एवं खंडित कर दिया गया है. जिससे हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं.
इससे बच्चों और युवाओं में हिन्दू धर्म के प्रति हास्य का माहौल बन रहा है. यह भविष्य के लिए कष्टदाई और भयावह है.
संगठन की ओर से विश्वामिनी पांडे ने कहा है कि यदि प्रशासन ने ऐसे आयोजनों पर रोक नहीं लगाई और विकृत प्रतिमाओं का तुरंत विसर्जन नहीं कराया, तो हिंदू समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी. इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी.