कुनकुरी दुष्कर्म मामले में दोषी को सश्रम कारावास और अर्थदंड
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर न्यायपालिका ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है. कुनकुरी थाना क्षेत्र के एक बहुचर्चित मामले में विशेष न्यायालय (एससी/एसटी अत्याचार निवारण) ने आरोपी वासिफ अंसारी को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है.
इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है. जुर्माना अदा न करने की स्थिति में उसे 6 महीने की अतिरिक्त जेल काटनी होगी.
यह पूरा मामला वर्ष 2018 में शुरू हुआ था, जब झारखंड के सिमडेगा के रहने वाले वासिफ अंसारी की मुलाकात कुनकुरी में किराए के मकान में रहकर काम करने वाली एक 28 वर्षीय युवती से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत बढ़ी, जो बाद में प्रेम संबंधों में बदल गई.
आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर वर्ष 2019 से लेकर दिसंबर 2023 तक उसका लगातार शारीरिक शोषण किया. जब युवती ने उस पर विवाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़कर वहां से भाग निकला.
ठगी और धोखे का शिकार होने के बाद पीड़िता ने जनवरी 2024 में कुनकुरी थाने में न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 19 जनवरी 2024 को आरोपी के खिलाफ भादंवि (IPC) की धारा 376(N) और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था.
इस मामले को मुकाम तक पहुंचाने में पुलिस प्रशासन और अभियोजन पक्ष की भूमिका बेहद अहम रही. कुनकुरी एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी और तत्कालीन थाना प्रभारी सुनील सिंह की अगुवाई में पुलिस ने पुख्ता सबूत जुटाए, वहीं अदालत में लोक अभियोजक अजीत रजक ने पीड़िता का पक्ष पूरी मजबूती से रखा.
वैज्ञानिक साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को सख्त सजा से दंडित किया.
इस फैसले के बाद जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और उनसे जुड़े अपराधों को लेकर जिला पुलिस बेहद गंभीर है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले तत्वों के खिलाफ कानून इसी तरह सख्ती से काम करता रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.