नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल का कठोर कारावास
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पॉक्सो (POCSO) की एक विशेष अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एक युवक को सख्त सजा सुनाई है. कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 22 वर्षीय दोषी दीपक कुमार जाटव को 20 साल के कठोर कारावास की सजा से दंडित किया है. इसके साथ ही, अदालत ने पीड़ित पक्ष को 5 लाख रुपये का मुआवजा देने के आदेश भी जारी किए हैं.
पूरा मामला सोशल मीडिया से शुरू हुआ था. अभियोजन पक्ष के अनुसार, इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और उसे अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया. 17 जुलाई 2025 को आरोपी ने नाबालिग को पावर हाउस रेलवे स्टेशन बुलाया और वहां से ट्रेन के जरिए रायपुर और प्रयागराज होते हुए दिल्ली के पास नोएडा ले गया.
नोएडा के फेस-1 थाना क्षेत्र के अंतर्गत बागवानी मार्केट में एक किराए का कमरा लेकर आरोपी ने 17 से 23 जुलाई के बीच नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया. इस बीच 19 जुलाई को पीड़िता की मां ने वैशाली नगर थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन को खंगाला. मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस टीम ने 23 जुलाई 2025 को नोएडा के उसी ठिकाने से पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को धर दबोचा. मामले की पैरवी शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक रूपवर्षा दिल्लीवार ने की.
विशेष न्यायालय (पॉक्सो) दुर्ग के पीठासीन अधिकारी व अपर सत्र न्यायाधीश (चतुर्थ एफटीएससी) अनिष दुबे की अदालत में सुनवाई के दौरान पीड़िता के स्कूल रिकॉर्ड और जन्म प्रमाण पत्र पेश किए गए. इन पुख्ता दस्तावेजों से यह साबित हुआ कि वारदात के वक्त पीड़िता की उम्र महज 15 साल 5 महीने और 22 दिन थी.
कानूनी रूप से इतनी कम उम्र में नाबालिग की सहमति का कोई औचित्य नहीं रह जाता. अदालत ने पीड़िता के बयानों और बरामदगी के साक्ष्यों को पूरी तरह विश्वसनीय माना. कोर्ट ने यह भी साफ किया कि यदि अन्य सभी साक्ष्य मजबूत हों, तो सिर्फ फॉरेंसिक रिपोर्ट में कुछ तत्वों की कमी होने से अपराध की गंभीरता कम नहीं हो जाती.
न्यायालय ने बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामले समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं. हालांकि, आरोपी की कम उम्र (22 वर्ष) को ध्यान में रखते हुए अदालत ने कानून में निर्धारित न्यूनतम कठोर सजा का विकल्प चुना.
अदालत ने दोषी दीपक कुमार को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 साल के सश्रम कारावास और 1,000 रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई. इसके साथ ही, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 के तहत भी उसे 3 साल के कठोर कारावास और 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया है.