देश में 78 दिनों का क्रूड ऑयल स्टॉक सुरक्षित, उर्वरकों की भी कोई कमी नहीं
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोमवार को परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति की एक अहम बैठक हुई. इस बैठक में जहाजरानी, पेट्रोलियम और उर्वरक मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों ने हिस्सा लिया और देश की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी.
बैठक में विपक्षी सांसदों ने देश के कुछ हिस्सों में पेट्रोल-डीजल की "राशनिंग" और "लंबी लाइनों" को लेकर पेट्रोलियम मंत्रालय के अधिकारियों को घेरा.
सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने संसदीय समिति को आश्वस्त किया कि देश में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है और भारत के पास अगले 78 दिनों के लिए कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. इसके साथ ही उर्वरक मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन की बुआई से पहले देश में खादों की कोई कमी नहीं है.
सरकार ने वैकल्पिक स्रोतों से करीब 80 लाख टन उर्वरक की खरीद की है, जबकि इस समय देश में मांग लगभग 78 लाख टन की है.
बैठक में पश्चिम एशिया संकट के कारण समुद्री व्यापार पर पड़े असर पर भी विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने बताया कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज जलडमरूबंध के बंद होने से भारत का समुद्री व्यापार प्रभावित हुआ है. इस संकट के कारण जहाजों के लिए बीमा प्रीमियम काफी बढ़ गया है.
मंत्रालय के अधिकारियों ने समिति को सूचित किया कि मार्च में पश्चिम एशिया में भारत के 37 जहाज फंसे हुए थे, जिनमें से 13 जहाज ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूबंध बंद किए जाने और अमेरिकी उपस्थिति के कारण अब भी वहां फंसे हुए हैं. विदेश मंत्रालय की मदद से इन जहाजों और नाविकों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं.
बैठक के बाद स्थायी समिति के अध्यक्ष संजय झा ने संकट से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह संकट भारत की वजह से नहीं है बल्कि पूरी दुनिया इससे प्रभावित है, लेकिन सरकार ने समय रहते जो कदम उठाए हैं, उससे फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.