CSMCL घोटाला: छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज के उपाध्यक्ष एन उदय राव गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज लिमिटेड (CDL) के मार्केटिंग उपाध्यक्ष एन उदय राव को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि राव, ए-टू-जेड इंफ्रासर्विसेज लिमिटेड के नाम पर चल रहे मैन-पावर सप्लाई कार्यों के जमीनी संचालन, बिलिंग और भुगतान समन्वय की मुख्य कड़ी थे.
आरोप है कि उन्होंने इस घोटाले की कमीशन राशि को अनवर ढेबर तक पहुँचाने के लिए अरुणपति त्रिपाठी के साथ मिलकर काम किया.
EOW की जांच के अनुसार, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मैन-पावर एजेंसियों को 182.98 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया गया, जिसमें 101.20 करोड़ रुपये ओवरटाइम और 12.21 करोड़ रुपये बोनस के नाम पर निकाले गए.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के हक का यह पैसा फर्जी बिलों के जरिए निकालकर सिंडिकेट और अधिकारियों को कमीशन के रूप में बांटा गया. इस मामले में विशेष अदालत ने पहले से गिरफ्तार सात अन्य आरोपियों नीरज कुमार चौधरी, अजय लोहिया, अजीत दरंदले, अमित प्रभाकर सालुंखे, अमित मित्तल, राजीव द्विवेदी और संजीव जैन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उदय राव से पूछताछ जारी है.