CBSE रीइवैल्यूएशन पोर्टल पर साइबर हमला
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के रीइवैल्यूएशन पोर्टल की भुगतान प्रणाली (पेमेंट गेटवे) पर एक बड़ा साइबर हमला हुआ है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस "दुर्भावनापूर्ण हमले" का फायदा उठाकर करीब 50 छात्रों ने पोर्टल पर अनधिकृत पहुंच हासिल कर ली और सिस्टम के साथ छेड़छाड़ की.
इस तकनीकी गड़बड़ी के कारण पोर्टल पर फीस के भुगतान में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया. कुछ मामलों में देय राशि घटकर महज 1 रुपये हो गई, तो वहीं कुछ मामलों में यह बढ़कर 67,000 से 68,000 रुपये तक पहुंच गई.
सूत्रों का कहना है कि यह हेरफेर या तो मनोरंजन के उद्देश्य से किया गया या फिर दुर्भावनापूर्ण इरादे से. यह समस्या पोर्टल के लाइव होने के दौरान एचडीएफसी (HDFC) पेमेंट गेटवे के एकीकरण में आई गड़बड़ी के कारण पैदा हुई, जिससे पोर्टल कुछ समय के लिए ठप भी रहा.
इस सुरक्षा चूक के बाद सरकार तुरंत एक्शन मोड में आ गई है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय बैठक की है. पोर्टल की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अब देश के चार बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), केनरा बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र को अतिरिक्त पेमेंट गेटवे के रूप में जोड़ा गया है.
सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए आईआईटी मद्रास, आईआईटी कानपुर और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के विशेषज्ञ कोडिंग और तकनीकी कमियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
इसके साथ ही, पहले आ रही स्टोरेज और स्पेस की समस्या को दूर करने के लिए पूरे सीबीएसई पोर्टल को 'अमेज़न वेब सर्विसेज' (AWS) पर शिफ्ट कर दिया गया है. नए सिस्टम का सफल टेस्ट रन भी पूरा कर लिया गया है ताकि छात्रों को आगे किसी परेशानी का सामना न करना पड़े. Symbolic Photo.