दंतेवाड़ा: बारसूर–मुचनार बने एडवेंचर और आस्था के पर्यटन केंद्र
दंतेवाडा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थित बारसूर और मुचनार क्षेत्र तेजी से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में उभर रहे हैं. ‘अतुल्य दंतेवाड़ा’ अभियान के तहत यहां रोमांचक एडवेंचर गतिविधियों, प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक पर्यटन को एक साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के पर्यटकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है.
बारसूर–मुचनार में जिले की सबसे लंबी जिपलाइन पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बन गई है. ऊंचाई से जंगलों और घाटियों के बीच जिपलाइन का रोमांच पर्यटकों को यादगार अनुभव दे रहा है.
इसके साथ ही नाइट कैंपिंग की सुविधा भी शुरू की गई है, जहां पर्यटक तारों भरे आकाश के नीचे जंगल की शांत फिजा में ठहरकर प्रकृति के करीब समय बिता रहे हैं. सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गाइड और आपातकालीन व्यवस्थाएं की गई हैं.
बारसूर क्षेत्र अपने 10वीं–11वीं शताब्दी के प्राचीन मंदिरों के लिए भी प्रसिद्ध है. भगवान शिव, विष्णु और गणेश को समर्पित ये मंदिर नागर शैली की स्थापत्य कला के उत्कृष्ट उदाहरण हैं, जो धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ इतिहास प्रेमियों को भी आकर्षित कर रहे हैं.
वहीं सातधार नदी का निर्मल प्रवाह, हरियाली और शांत वातावरण पिकनिक, फोटोग्राफी और ध्यान के लिए उपयुक्त स्थल बनता जा रहा है.
दंतेवाड़ा जिला प्रशासन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़क, पार्किंग, शौचालय और होमस्टे जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रहा है.
प्रशासन का मानना है कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. आने वाले समय में ट्रेकिंग और बोटिंग जैसी नई गतिविधियों को जोड़ने की भी योजना है.
रोमांच, प्रकृति और आस्था का यह अनूठा संगम बारसूर–मुचनार को छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है और दंतेवाड़ा को पर्यटकों का नया स्वर्ग बना रहा है.