UPI से डेबिट कार्ड पस्त, क्रेडिट कार्ड का बढ़ा क्रेज: RBI रिपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ताजा पेमेंट्स सिस्टम रिपोर्ट के मुताबिक, देश के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. साल 2025 की दूसरी छमाही में कुल पेमेंट वॉल्यूम में अकेले यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) की हिस्सेदारी 85.5% रही, जो यह दिखाता है कि देश में छोटे-मोटे रोजमर्रा के लेन-देन के लिए यूपीआई पहली पसंद बन चुका है.
हालांकि, वॉल्यूम में दबदबा होने के बावजूद कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू में यूपीआई का योगदान सिर्फ 9.5% रहा. इसके विपरीत, बड़े कॉर्पोरेट और संस्थागत लेन-देन के लिए इस्तेमाल होने वाले आरटीजीएस (RTGS) ने वॉल्यूम में महज 0.1% हिस्सेदारी रखी, लेकिन कुल वैल्यू में 68.6% का भारी-भरकम योगदान दिया.
इस बीच, यूपीआई और क्रेडिट कार्ड की बढ़ती लोकप्रियता के कारण डेबिट कार्ड के इस्तेमाल में भारी गिरावट आई है. पिछले चार सालों में डेबिट कार्ड ट्रांजैक्शन वॉल्यूम लगभग 67% घटकर, साल 2021 के 4.087 अरब से 2025 में 1.336 अरब रह गया.
इसी अवधि में इसकी ट्रांजैक्शन वैल्यू भी 7.4 लाख करोड़ रुपये से गिरकर 4.5 लाख करोड़ रुपये पर आ गई.
दूसरी ओर, क्रेडिट कार्ड का क्रेज तेजी से बढ़ा है. इसका ट्रांजैक्शन वॉल्यूम साल 2021 के 2.16 अरब से दोगुने से अधिक बढ़कर 2025 में 5.7 अरब हो गया, और इसकी वैल्यू 8.9 लाख करोड़ रुपये से उछलकर 23.2 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई.
क्रेडिट कार्ड मार्केट में निजी बैंकों का दबदबा 71.1% हिस्सेदारी के साथ बरकरार है, जबकि डेबिट कार्ड के मामले में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक अब भी 63.1% हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे हैं. आरबीआई के अनुसार, क्रेडिट कार्ड का उपयोग मुख्य रूप से ऑनलाइन खरीदारी के लिए हो रहा है, जबकि डेबिट कार्ड अब ज्यादातर कैश निकालने तक सीमित रह गए हैं.