मिड-डे मील रसोइयों की मौत पर दीपक बैज ने साय सरकार को घेरा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ स्कूल मिड-डे मील रसोइया संघ के आंदोलन के दौरान दो महिला रसोइयों की मौत और डीएड (DEd) अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. सरकार को 'तानाशाह और संवेदनहीन' करार देते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश के मंत्री अपने बंगलों से बाहर निकलकर प्रदर्शनकारियों की सुध लेने तक की जहमत नहीं उठा रहे हैं.
बेमेतरा जिले के साल्धा गांव की दुलारी यादव और बालोद जिले के कुसुमकासा की रुक्मणी सिन्हा की मौत को बेहद दुखद बताते हुए बैज ने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह आंदोलनकारियों से संवाद करे.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए मौतों के कारणों को लेकर गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रही है, जो उसकी 'वैचारिक दिवालियापन' को दर्शाता है. बैज ने सरकार से तुरंत प्रदर्शनकारियों से सीधे बातचीत करने और उनकी मांगों पर विचार करने की मांग की है.