अश्लील रील्स के चक्कर में पत्नी की हत्या फिर खुद जान देने की कोशिश
अश्लील रील्स, पति-पत्नी, हत्या और आत्महत्या
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 35 वर्षीय अमन नामक एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद आत्महत्या करने की कोशिश की. यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई.
पुलिस के अनुसार, अमन और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रील्स बनाने को लेकर लगातार विवाद हो रहा था.
पुलिस ने बताया कि अमन पेशे से ई-रिक्शा चालक है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है. वह अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों-9 साल और 5 साल के बेटों-के साथ दिल्ली में रह रहा था.
अमन को अपनी पत्नी की सोशल मीडिया पर सक्रियता और खासकर अश्लील वीडियो बनाने और पोस्ट करने की आदत से आपत्ति थी. मंगलवार की रात को दोनों के बीच फिर से तीखी बहस हुई, जिसके बाद अमन ने गुस्से में अपनी पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
इसके बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों के हस्तक्षेप के कारण वह ऐसा नहीं कर पाया.
पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अमन को गिरफ्तार कर लिया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "आरोपी ने पूछताछ में कहा कि वह अपनी पत्नी के लगातार फोन चलाने और अश्लील रील्स बनाने से तंग आ चुका था. वह इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था."
वर्तमान में अमन अस्पताल में इलाजरत है. पुलिस ने बताया कि उसकी हालत में सुधार होते ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा.
अमन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. इस बीच, पड़ोसी दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं.