दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट: जंतर-मंतर पर दागे गए थे प्लास्टिक पेलेट्स
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को आयोजित 'संसद चलो' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा प्लास्टिक पेलेट्स और आंसू गैस के गोलों का उपयोग किया गया था. संसद मार्ग थाना के जनरल डायरी रिकॉर्ड के अनुसार, रैपिड एक्शन फोर्स ने एक ही स्थान पर 55 नॉन-इलेक्ट्रिकल शेल, 15 इलेक्ट्रिकल शेल, 5 टियर स्मोक ग्रेनेड, एंटी-रायट गन के दो राउंड और प्लास्टिक पेलेट्स के दो राउंड फायर किए थे.
यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के एक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर के अधिकारी के निर्देशों पर आरएएफ द्वारा की गई थी.
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, प्लास्टिक पेलेट्स के प्रत्येक राउंड में चार टुकड़े होते हैं. अधिकारियों का दावा है कि ये प्लास्टिक पेलेट्स धातु के छर्रों से अलग होते हैं और शरीर को भेदने की क्षमता न रखने के कारण कम नुकसान पहुंचाते हैं.
हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाले गए इस मार्च के दौरान कम से कम चार प्रदर्शनकारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सुप्रीम कोर्ट में फिलहाल दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई और कथित अत्याचारों के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है.
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है. विपक्षी दलों ने घायलों का हवाला देते हुए गृह मंत्रालय से संसद में जवाब मांगा है.
पहले दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पेलेट्स के इस्तेमाल के आरोपों को खारिज किया था.
वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, प्राथमिक निष्कर्ष सामने आ चुके हैं, लेकिन विस्तृत समीक्षा और पोस्ट-इवेंट जांच के बाद ही अंतिम रिपोर्ट जारी की जाएगी. केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे के बाद फिलहाल यह आंदोलन समाप्त घोषित कर दिया गया है.