मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

हाईकोर्ट की फटकार और मुआवजे के बावजूद पोषण और सुरक्षा का सवाल

छत्तीसगढ़ में पोषण और सुरक्षा का सवाल

C

CG Khabar

27 अग. 2025, 12:19 PM 7 मिनट में पढ़ें 17

छत्तीसगढ़ में पोषण का हाल
छत्तीसगढ़ में पोषण का हाल

रायपुर | ममता मानकरः छत्तीसगढ़ में बच्चों के पोषण और आंगनबाड़ी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. यह बहस किसी आंकड़े या रिपोर्ट से नहीं, बल्कि एक चौंकाने वाली घटना से शुरू हुई. बलौदाबाज़ार ज़िले के लच्छनपुर सरकारी मिडिल स्कूल में बच्चों को वह भोजन परोसा गया जिसे कथित तौर पर कुत्ता चाट चुका था.


जिस भोजन से बच्चों की सेहत बननी थी, वह भोजन बीमारी और डर की वजह बन गया. इस घटना पर छपी एक खबर ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का ध्यान खींचा.

विज्ञापन


अदालत ने स्वतः संज्ञान लिया और राज्य सरकार से जवाब-तलब किया. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने राज्य और केंद्र, दोनों सरकारों की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.


छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आंगनबाड़ी और मिड-डे मील को लेकर बहस शुरु हो गई है. बात सिर्फ़ खाने की नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन और भविष्य की है.


छत्तीसगढ़ में इस महीने जो कुछ हुआ, उसने एक चेतावनी दी है कि अगर सरकारें अब भी नहीं जागीं, तो आने वाली पीढ़ी भूख और कुपोषण की कीमत चुकाएगी.


सवाल ये है कि क्या सरकार सच में बच्चों को भविष्य का आधार मानती है?


बच्चों को 25,000 रुपये का मुआवजा- हाईकोर्ट

हाईकोर्ट ने साफ कहा कि बच्चों को कुत्ते द्वारा चाटा गया भोजन देना गंभीर लापरवाही का नतीजा है. बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सरकार और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है.


अदालत ने आदेश दिया कि प्रभावित 84 छात्रों में से हर एक को 25,000 रुपये मुआवज़ा दिया जाए और यह रकम एक महीने के भीतर बच्चों तक पहुँचे.


सरकार ने अपनी सफाई में बताया कि दोषी स्वयं सहायता समूह को मिड-डे मील कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया है. इस समूह को भविष्य की किसी भी सरकारी योजना में भाग लेने से प्रतिबंधित कर दिया गया है. इसके अलावा स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक और क्लस्टर समन्वयक सहित कई जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया गया है.


सरकार ने कहा कि पूरे प्रदेश के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इनमें रसोईघर की बाड़बंदी, भोजन की गुणवत्ता जांच और अभिभावकों की निगरानी जैसी व्यवस्थाएँ अनिवार्य की गई हैं.


लेकिन अदालत ने यह भी पूछा कि आखिर ऐसी स्थिति पैदा क्यों हुई? और जब राज्य सरकार खुद मान रही है कि आंगनबाड़ी और मिड-डे मील योजनाओं में खाद्य सामग्री की कीमतें आज की महंगाई से मेल नहीं खातीं, तो सुधार के लिए अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए?


पोषण और सुरक्षा से जुड़ा है मामला

असल में भारत में आंगनबाड़ी और मिड-डे मील जैसी योजनाएँ केवल भोजन की व्यवस्था नहीं हैं, बल्कि ये बच्चों की पोषण सुरक्षा और स्वास्थ्य की गारंटी हैं.


छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में, जहाँ बड़ी संख्या में परिवार गरीबी रेखा के आसपास जीवन गुज़ारते हैं, यह भोजन बच्चों के लिए दिन का सबसे महत्वपूर्ण आहार होता है.


बजट और हकीकत

2024-25 के बजट के अनुसार, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण 2.0 कार्यक्रम के तहत राज्य में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को पोषक आहार उपलब्ध कराना है.


अनुमान है कि इस योजना से लगभग 28.02 लाख हितग्राही लाभान्वित होंगे. इसके लिए राज्य ने लगभग 70 लाख रुपये का बजट रखा है.


लेकिन असलियत इससे बहुत अलग है. शिकायतें लगातार मिल रही हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है.


कई जगह बच्चों को केवल हल्दी वाला चावल परोसा जाता है, कहीं सिर्फ पानी जैसी दाल मिलती है.


खर्च का गणित 

प्रधानमंत्री पोषण योजना (मिड-डे मील) के तहत प्राइमरी स्कूल के एक बच्चे पर प्रतिदिन कुल खर्च 5 रुपये 45 पैसे और अपर प्राइमरी के छात्र पर प्रतिदिन खर्च 8 रुपये 17 पैसे है.


इसी तरह बुजुर्गों और विधवाओं को पेंशन के रुप में महीने में कुल 500 रुपये दिए जाते हैं यानी हर दिन के केवल 16 रुपये 66 पैसे. लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि राज्य सरकार गौशालाओं में गायों के लिए हर दिन के 35 रुपये देती है.


अब यह तुलना खुद अपनी कहानी कहती है. बच्चों और बुजुर्गों की तुलना में गायों पर दोगुना से भी ज्यादा खर्च किया जा रहा है.


सरकार का दावा है कि बच्चों को रोज़ाना 450 कैलोरी और 12 ग्राम प्रोटीन दिया जाएगा. इसके लिए प्रति बच्चे रोज़ाना 100 ग्राम अनाज, 20 ग्राम दाल, 50 ग्राम सब्ज़ी, 5 ग्राम तेल और मसाले की व्यवस्था की गई है.


लेकिन सवाल है, क्या महंगाई के इस दौर में 5.45 रुपये प्रतिदिन में यह सब संभव है? किसी भी बाज़ार का दौरा कर लीजिए, आज दाल 100 रुपये किलो से ऊपर है, सब्ज़ियाँ 30-40 रुपये किलो से कम नहीं मिलतीं और तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.


ऐसे में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना लगभग नामुमकिन हो जाता है.


साल दर साल घटता बजट

एक और चौंकाने वाली हकीकत यह है कि प्रधानमंत्री पोषण योजना का बजट साल दर साल घट रहा है. 2013-14 में इस योजना के लिए 13,215 करोड़ का बजट अनुमान था और 10,927.21 करोड़ रुपये खर्च किए गए.


2023-24 में सरकार ने पहले 11,600 करोड़ तय किए, लेकिन बाद में इसे घटाकर केवल 8,452.67 करोड़ कर दिया गया. सोचिए, दस साल पहले महंगाई कम थी, तब 10,927 करोड़ खर्च हुए थे.


आज जब महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है, तब बजट घटकर 8,452 करोड़ रह गया.


निगरानी और जवाबदेही की भारी कमी

लच्छनपुर स्कूल की घटना पहली नहीं है. मई 2024 में ही छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिकायतों के आधार पर एक विशेष जांच टीम गठित की थी. कई जिलों से लगातार खबरें आ रही थीं कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बांटी जा रही सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब है. लेकिन जांच टीम का गठन होने के सिर्फ दो महीने बाद ही अगस्त 2024 में यह शर्मनाक घटना सामने आ गई. यह दिखाता है कि समस्याएँ केवल कागज़ी कार्रवाई से हल नहीं हो रहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर निगरानी और जवाबदेही की भारी कमी है.


सवाल प्राथमिकता का

दिसंबर 2023 में छत्तीसगढ़ सरकार ने गौशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान 25 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दिया. यानी एक गाय की देखभाल पर सरकार उतना खर्च करने को तैयार है, जितना एक प्राथमिक विद्यालय के 6 बच्चों पर मिलकर भी खर्च नहीं होता.


यहां सवाल गाय की उपयोगिता या धार्मिक महत्व का नहीं है. सवाल यह है कि जब संसाधन सीमित हैं, तो प्राथमिकता किसे मिलनी चाहिए, बच्चों के पोषण और भविष्य को या फिर गौशालाओं को?


केंद्र सरकार वृद्धा पेंशन के लिए सिर्फ 200 रुपये, और विधवाओं के लिए 300 रुपये देती है. छत्तीसगढ़ सरकार इसमें अपनी तरफ से रुपये जोड़कर इसे कुल 500 रुपये प्रति माह बनाती है. यानि प्रतिदिन महज 16.66 रुपये. सोचिए, क्या कोई बुजुर्ग या विधवा इतने पैसों में अपनी मूल ज़रूरतें पूरी कर सकती है?


एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट 

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने लच्छणपुर मामले में न केवल मुआवज़े का आदेश दिया, बल्कि यह भी कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव को पक्षकार बनाया जाए. कोर्ट ने केंद्र सरकार से भी एक हफ्ते में रिपोर्ट माँगी है.


यह कदम केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए मिसाल है. अदालत का यह हस्तक्षेप सरकारों को यह याद दिलाता है कि बच्चों का स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी राजनीतिक या बजट प्राथमिकता से ऊपर है.


विरोधाभास केवल छत्तीसगढ़ का नहीं

गायों पर अधिक खर्च और बच्चों पर कम, यह विरोधाभास केवल छत्तीसगढ़ का नहीं, बल्कि पूरे देश के सोचने का विषय है. जब तक बजट और नीति में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को वास्तविक प्राथमिकता नहीं मिलेगी, तब तक इस तरह की घटनाएँ बार-बार सामने आती रहेंगी.


हाईकोर्ट का हस्तक्षेप निश्चित रूप से एक बड़ा कदम है, लेकिन असली बदलाव तब होगा जब सरकारें केवल कागज़ पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करेंगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP