शव दफन को लेकर बस्तर में फिर बढ़ा विवाद, चक्काजाम
छत्तीसगढ़ के बस्तर में शव दफन को लेकर विवाद
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में शव दफन को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है. शनिवार को भी बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक में गांव के श्मशान घाट में मृत युवक के शव दफन को लेकर मसीह समाज और मूल आदिवासी समाज में विवाद गहराने के बाद मसीह समाज के लोगों ने शव को ताबूत में रखकर मुख्य मार्ग में प्रदर्शन किया.
शव दफन के विवाद को लेकर बस्तर में यह कोई पहली घटना नहीं है. बताया जा रहा है कि दशापाल गांव के सरपंच समेत ग्रामीणों ने ईसाई रीति रिवाज से शव का गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार नहीं करने दिया.
इसके बाद मृतक के परिजन व मसीह समाज के लोगों ने शव को मुख्य मार्ग में रखकर चक्का जाम करते हुए प्रदर्शन किया.
भारी बारिश के बीच मसीह समाज के लोग ताबूत में शव को रखकर सड़क पर देर शाम घण्टों बैठे रहे.
आखिरकार प्रदर्शन के बावजूद गांव में शव दफन नहीं हुआ. इसके बजाय जगदलपुर के करकापाल में ईसाई कब्रिस्तान में शव दफन किया गया.
सड़क हादसे में गयी थी युवक की जानजानकारी के मुताबिक बीते 21 अप्रैल को दशापाल गांव का रहने वाला अजय बघेल नाम का युवक सड़क हादसे में गम्भीर रूप से घायल हो गया था.
जिसके बाद उसे डीमरापाल मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ दिन इलाज के बाद युवक की बुधवार को मौत हो गयी.
मृतक के शव को डीमरापाल अस्पताल के मॉर्च्युरी में रखा गया था. इस बीच परिजनों ने मसीह समाज की रीति रिवाज से अजय बघेल का शव दफन की तैयारी शुरू कर दी.
तैयारी में लगे ही थे की दशापाल गांव के ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया.
धर्मांतरण बना विवाद का कारण
दरअसल, मृतक अजय बघेल ईसाई समुदाय से थे. ऐसे में ईसाई समुदाय के रीति रिवाज से मृतक के अंतिम संस्कार करने का दशापाल के ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया.
दशापाल के स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के परिवार वाले आदिवासी समुदाय से धर्मान्तरण कर मसीह धर्म अपना लिया था. पहले यह आदिवासी थे, इसलिए मूल आदिवासी प्रथा के आधार पर मृतक का अंतिम संस्कार गांव के श्मशान घाट में किया जाए.
अन्यथा गांव के कब्रिस्तान में मसीह समाज के रीति-रिवाज से शव दफन नहीं करने दिया जाएगा.
"संविधान चाहिए-कब्रिस्तान चाहिए”
पंचायत के फैसले से नाराज ईसाई समुदाय के लोगों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.
जिसमें बड़ी संख्या में छोटे बच्चे तक हाथों में तख्ती लिए नारे लगाते दिखाई दिए. ईसाई समुदाय के लोग विरोध करते हुए "संविधान चाहिए-कब्रिस्तान चाहिए” के नारे लगाते रहे.
उन्होनें कहा कि जब तक अजय बघेल का गांव के कब्रिस्तान में शव दफन करने नहीं दिया जाएगा, तब तक धरना प्रदर्शन करते रहेंगे.
आखिर जगदलपुर के कब्रिस्तान में किया गया शव दफन
चक्काजाम की सूचना पर बकावंड ब्लॉक के एसडीएम ऋषिकेश तिवारी, तहसीलदार जागेश्वरी गावड़े और थाना प्रभारी डोमेन्द्र सिन्हा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे मसीह समाज के लोगों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन ईसाई समुदाय के लोग धरने पर बैठे रहे.
देर शाम तक काफी मान मनौव्वल के बाद आखिरकार मृतक अजय बघेल के शव को जगदलपुर के करकापाल में स्थित ईसाई समुदाय के कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया.
ईसाई लोग गांव में कब्रिस्तान की कर रहे मांग
दरअसल बस्तर में धर्मान्तरण किये ईसाई समुदाय के लोग लंबे समय से हर गांव में ईसाई समुदाय को कब्रिस्तान के लिए जमीन देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस मामले में राज्य सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया है.
ऐसे में धर्मांतरण कर ईसाई समुदाय अपनाने वाले लोगों को गांव के श्मशान घाट में शव दफन करने नहीं दिया जा रहा है.
वहीं बस्तर में यह चौथा मामला है, जब ग्रामीण क्षेत्रों में हुए ईसाई समुदाय के लोगों की मौत के बाद उनके शव को जगदलपुर के करकापाल में स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया है.
शव दफनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा
बीते जनवरी में ईसाई पादरी के शव दफनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मृतक के बेटे रमेश बघेल को हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा.
सुप्रीम कोर्ट ने इस विवाद पर छत्तीसगढ़ शासन-प्रशासन को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि एक बेटे को पिता का शव दफनाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है.
कहा कि यह शर्म की बात है, लेकिन आदेश में मृतक की इच्छा की जगह, विवाद करने वालों की इच्छा को बल मिला. मृतक के बेटे के मुताबिक मृतक की इच्छा अपनी मात्रभूमि में दफन होने की थी, लेकिन निजी जमीन पर भी नहीं दफनाया जा सका.
इसके बावजूद मृतक को गांव में अंतिम संस्कार नहीं करने दिया गया और अंततः सुप्रीम कोर्ट के आदेश को आधार बनाते हुए रात में गांव से 20 किमी दूर करकापाल के कब्रिस्तान में शव दफनाया गया.
बस्तर में विवाद सिर्फ कब्रिस्तान का नहीं है बल्कि निजी जमीन पर भी शव नहीं दफनाने दिया जा रहा और प्रशासन व कानून मूक दर्शक बने हुए हैं.
इससे पहले बस्तर में शव दफनाने को लेकर दर्जनों विवाद हो चुके हैं. मारपीट से लेकर मुकदमा तक दर्ज हुआ लेकिन हल नहीं निकला.
इस मामले पर सूबे के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कह चुके हैं कि विवाद की वजह धर्मांतरण है और जब तक यह नहीं बंद होगा शव दफनाने पर विवाद बढ़ता जायेगा.
इस पर कांग्रेस ने आपत्ति लेते हुए कहा था कि धर्मांतरण के मामले को भाजपा हवा दे रही है. सरकार को बीच का रास्ता निकालना चाहिए.