DMF घोटाला: सुप्रीम कोर्ट से सतपाल सिंह छाबरा को मिली जमानत
नई दिल्ली । डेस्क: छत्तीसगढ़ के चर्चित डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) घोटाला मामले में आरोपी सतपाल सिंह छाबरा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने बुधवार को सुनवाई करते हुए छाबरा को जमानत दे दी है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले पर फैसला सुनाया.
सुनवाई के दौरान अदालत ने इस बात को रेखांकित किया कि इस मामले के मुख्य आरोपी और पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा समेत कई अन्य सह-आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है. कोर्ट ने दर्ज किया कि अनिल टुटेजा को बीते 18 मई को जमानत दी गई थी. इसी आधार पर समानता को देखते हुए पीठ ने सतपाल सिंह छाबरा की जमानत याचिका को भी मंजूरी दे दी.
सुप्रीम कोर्ट ने छाबरा को निर्देश दिया है कि वह संबंधित निचली अदालत (ट्रायल कोर्ट) के समक्ष पेश हों और जमानत से जुड़ी सभी निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन करें.
यह पूरा मामला डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) योजना के तहत खनन गतिविधियों से प्रभावित स्थानीय समुदायों के कल्याण के लिए आवंटित धन की हेराफेरी से जुड़ा है. इस घोटाले में सतपाल सिंह छाबरा पर DMF योजना के तहत ठेके दिलाने के एवज में ₹5 करोड़ की रिश्वत लेने का गंभीर आरोप है. फिलहाल, शीर्ष अदालत से जमानत मिलने के बाद उन्हें जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है.