रायपुर-बिलासपुर में डॉग बाइट के मामले बढ़े
रायपुर । संवाददाता: देशभर में बेकाबू होते आवारा कुत्तों के आतंक और रेबीज के खतरों पर देश की सर्वोच्च अदालत ने एक बेहद संवेदनशील और बड़ा फैसला सुनाया है. सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बेहद आक्रामक, रेबीज पीड़ित और समाज के लिए बड़ा खतरा बन चुके कुत्तों को जरूरत महसूस होने पर दया-मृत्यु दी जा सकती है. इस बड़े न्यायिक रुख के बीच छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में श्वान हमलों की डरावनी तस्वीर सामने आई है.
राजधानी रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में हर महीने औसतन 350 से ज्यादा पीड़ित पहुंच रहे हैं, वहीं जिला अस्पताल में भी रोजाना 4 से 6 मामले दर्ज हो रहे हैं. मानवाधिकार आयोग के आंकड़े बताते हैं कि रायपुर जिले में सालाना करीब 15 हजार लोग इन हमलों का शिकार हो रहे हैं.
हैरानी की बात यह है कि सांप या बिच्छू के काटने से मौत होने पर सरकारी मुआवजे का प्रावधान है, लेकिन कुत्ते के हमले में जान गंवाने वालों के परिजनों को कोई राहत राशि नहीं मिलती, जिससे प्रशासनिक स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर ढिलाई देखी जा रही है.
इस संकट से निपटने के लिए शहरी निकाय लाखों रुपए पानी की तरह बहा रहे हैं, लेकिन जमीनी नतीजे बेअसर साबित हो रहे हैं. रायपुर नगर निगम हर साल तकरीबन 5500 श्वानों की नसबंदी और उनके इलाज पर 20 लाख रुपए खर्च करने का दावा कर रहा है. इसके साथ ही सोनडोंगरी और बैरनबाजार में डॉग शेल्टर होम संचालित कर रोजाना 25 से 30 कुत्तों की सर्जरी की जा रही है.
राज्य मानवाधिकार आयोग ने भी इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए ढाई साल पहले संज्ञान लिया था. आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर प्रशासनिक बैठकों में एंटी रेबीज टीकों की उपलब्धता और पागल कुत्तों को हटाने की रणनीति पर जवाब-तलब कर रहे हैं, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके.
दूसरी तरफ दुर्ग और बिलासपुर जिलों में आवारा पशुओं के प्रबंधन की सरकारी योजनाएं पूरी तरह पटरी से उतरी नजर आ रही हैं. भिलाई और रिसाली नगर निगम ने स्थानीय विवादों को सुलझाने के लिए करीब 5 लाख रुपए की लागत से 118 डॉग फीडिंग जोन बनाए थे, जो आज पूरी तरह फ्लॉप हो चुके हैं. आबादी से दूर और सुनसान जगहों पर केंद्र बनाने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था न होने से वहां न तो खाना डाला जा रहा है और न ही कुत्ते आ रहे हैं.
इसके अलावा भिलाई में 7 लाख की लागत से बना डॉग हाउस अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है, जबकि रिसाली में बजट की कमी के कारण 40 लाख का प्रोजेक्ट अधर में लटका है.
बिलासपुर की बात करें तो वहां सिम्स और जिला अस्पताल में पिछले तीन महीनों के भीतर ही 1625 मामले सामने आ चुके हैं, जिसके इलाज के लिए डॉक्टरों को 7300 से ज्यादा एंटी रेबीज डोज लगानी पड़ी हैं. हालांकि, बिलासपुर में श्वान जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए राजस्थान की एक निजी संस्था को नसबंदी का जिम्मा सौंपा गया है, जिसके तहत अब तक 1300 से अधिक आवारा कुत्तों का ऑपरेशन किया जा चुका है. File Photo