भारत जैसे सहयोगी के साथ संबंध न बिगाड़े- निक्की हेली
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय-अमरीकी रिपब्लिकन नेता और पूर्व अमरीकी राजदूत निक्की हेली ने मंगलवार को कहा कि अमरीका को भारत जैसे "मजबूत सहयोगी" के साथ अपने संबंधों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिये. और चीन को छूट नहीं देनी चाहिये. यह बयान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर रूसी तेल खरीद और टैरिफ को लेकर किये गये हमलों के बीच आया है.
हेली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिये. लेकिन चीन, जो एक विरोधी है और रूस व ईरान का सबसे बड़ा तेल खरीदार है, को 90 दिनों की टैरिफ छूट मिली."
उन्होंने आगे कहा, "चीन को छूट न दें और भारत जैसे मजबूत सहयोगी के साथ संबंध न बिगाड़ें."
निक्की हेली, जो दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर रह चुकी हैं, ट्रम्प के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में संयुक्त राष्ट्र में अमरीका की राजदूत थीं. वह अमरीकी प्रशासन में कैबिनेट-स्तर के पद पर नियुक्त होने वाली पहली भारतीय-अमरीकी थीं.
उन्होंने 2023 में, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिये अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी और पिछले साल मार्च में दौड़ से हट गई थीं.
उनके बयान ट्रम्प के उस दावे के कुछ घंटों बाद आये, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत "अच्छा व्यापारिक साझेदार" नहीं रहा है और अगले 24 घंटों में भारत पर टैरिफ "काफी हद तक" बढ़ाये जायेंगे, क्योंकि नई दिल्ली रूसी तेल खरीद रही है और "युद्ध मशीन को बढ़ावा" दे रही है.
इसके जवाब में, भारत ने सोमवार को अमरीका और यूरोपीय संघ पर रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर नई दिल्ली को "अनुचित और अतार्किक" रूप से निशाना बनाने के लिए तीखा पलटवार किया था.
इस बीच, ट्रम्प ने सीएनबीसी को दिये एक साक्षात्कार में चीन और इसके नेता शी जिनपिंग के बारे में सवाल का जवाब देते हुए कहा, "हमारा बहुत अच्छा रिश्ता है."
उन्होंने कहा कि वह इस साल के अंत से पहले, संभवतः, चीनी राष्ट्रपति के साथ मुलाकात कर सकते हैं, बशर्ते कोई समझौता हो जाये.
ट्रम्प ने कहा, "हम बहुत करीब हैं. हम चीन के साथ बहुत अच्छा काम कर रहे हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि चीन अमरीका पर "बहुत निर्भर" है और उनका शी के साथ "बहुत अच्छा रिश्ता" है.