डबल मनी स्कैम: फर्जी MBA ने 500 करोड़ ठगे, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
राजनांदगांव । संवाददाता: पैसा छह से नौ महीने में दोगुना करने का लालच देकर 500 करोड़ रुपये की महाठगी करने वाले गिरोह का बालाघाट पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. चार साल से चकमा दे रहे मुख्य सरगना सोमेंद्र कंकरायने को उसके सात अन्य सहयोगियों के साथ 20 जुलाई को दबोच लिया गया.
पकड़े गए जालसाजों में तामेश, राकेश, प्रदीप, दिनेश, रामप्रसाद, प्रद्युमन और रूखचंद शामिल हैं, जिन पर 63 से अधिक आपराधिक केस दर्ज हैं.
इस मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपियों के ठिकाने से 18.61 करोड़ रुपये की 122 जमीनों की रजिस्ट्रियां, 14.82 करोड़ मूल्य के 617 चेक, करीब 1500 कोरे चेक, 20 रजिस्टर, टैक्स-जीएसटी रिटर्न के कागज, भूमि ऋण पुस्तिकाएं और 59 बैंक इंस्टा किट जब्त की हैं.
बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक, जब्त रजिस्टरों के आधार पर पीड़ितों की पहचान की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर निवेशकों का पैसा लौटाने की तैयारी की जा रही है.
इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का जाल मध्य प्रदेश के लांजी, गोंदिया, चंद्रपुर से लेकर छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर और राजनांदगांव तक फैला हुआ था. ठगी के इस भंवर में आम जनता के साथ-साथ कई राजनेता, सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी फंस गए. अकेले मोहला-मानपुर इलाके के लोगों के करीब 10 करोड़ रुपये इस योजना में डूबे हैं.
दरअसल, महज 12वीं पास और कॉलेज ड्रॉपआउट सोमेंद्र कंकरायने खुद को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए पास बताता था. वह खुद को लग्जरी गाड़ियों और मशहूर हस्तियों से जुड़ा दिखाकर लोगों का भरोसा जीतता था. उसने विदेश यात्राओं और विदेशी संपत्तियों में निवेश के झूठे दावे किए, जबकि उसके पास पासपोर्ट तक नहीं था.
अपनी शुरुआत अनाज व्यापार और रियल एस्टेट से करने के बाद उसने अपनी 11 एकड़ जमीन बेचकर एक कंपनी में लगाई और मुनाफा कमाया. इसी के बाद उसने रिश्तेदारों के पैसे दोगुने करने से शुरुआत की और 2016-17 आते-आते यह जाल करोड़ों के स्कैम में बदल गया.
पहले भी मामले दर्ज होने के बाद आरोपी जमानत पर छूटकर फरार हो गए थे और पुलिस से बचने के लिए मास्टरमाइंड धार्मिक स्थलों पर छुपता फिर रहा था. हालांकि पुलिस ने उसकी करोड़ों की संपत्तियां सीज कर दी थीं और जमीनों की बिक्री पर रोक लगा दी थी. इसके बाद पुलिस ने रणनीतिक कदम उठाते हुए एक जमीन की रजिस्ट्री की इजाजत दी.
जैसे ही आरोपियों ने टेलीग्राम ऐप के जरिए बातचीत और लेन-देन शुरू किया, पुलिस को उनका सुराग मिल गया. वर्तमान में एसआईटी प्रमुख एवं सीएसपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में रिमांड पर लिए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है.