पुणे में छत्तीसगढ़ से जुड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश, 3 करोड़ का गांजा जब्त
पुणे । डेस्क: पुणे ग्रामीण पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ से संचालित होने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस पूरे मामले में पुलिस अब तक करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य का 634 किलोग्राम गांजा और दो कारें जब्त कर चुकी है. पुलिस ने इस गिरोह के सात और सदस्यों को गिरफ्तार किया है.
इस कार्रवाई की शुरुआत इसी साल 28 फरवरी को हुई थी, जब पुलिस ने बारामती तालुका के जालोची गांव में एक खेत से 2.30 करोड़ रुपये कीमत का 479 किलोग्राम गांजा बरामद किया था. इस बड़ी बरामदगी के बाद पुलिस की कई टीमों ने इस रैकेट के पीछे छिपे चेहरों की तलाश शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने बारामती निवासी विक्की कांबले (32) और समाधान गायकवाड़ को इस पूरे ऑपरेशन का मास्टरमाइंड पाया. गायकवाड़ और उसके तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि कांबले फरार चल रहा था.
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपी छत्तीसगढ़ से गांजा तस्करी कर लाते थे और उसे सांगली, सतारा और सोलापुर जिलों में सक्रिय पेडलर्स को सप्लाई करते थे.
बुधवार को पुलिस टीमों ने सांगली पुलिस की मदद से पीछा कर कांबले की कार को रोका और उसे धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसकी गाड़ी से 33.55 लाख रुपये कीमत का 134 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने बारामती से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से पुणे के कोथरुड के रहने वाले हैं. उनकी कार से भी 11.55 लाख रुपये मूल्य का 23 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.