दुर्ग: शिवनाथ नदी में बहने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, दूसरे की तलाश जारी
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत उरला के निवासी कुछ बच्चे शुक्रवार को अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ स्थित शिवनाथ नदी के किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान नदी के पानी में नहाने उतरे दो बच्चे पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर गहराई में समा गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन रात में अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा.
शनिवार सुबह दोबारा शुरू किए गए तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर एक बच्चे का शव बरामद किया गया, जिसकी शिनाख्त 14 वर्षीय रेहान निवासी उरला के रूप में हुई है.
वहीं हादसे का शिकार हुए दूसरे 12 वर्षीय बच्चे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दूसरे लापता बच्चे की खोजबीन में लगातार जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच की जा रही है.