E20 फ्यूल से BS-III वाहनों के रबर पार्ट्स पर पड़ सकता है असर- गडकरी
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने संसद में स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल 2005 के बाद पेश किए गए और 2016 से पहले बने BS-III वाहनों में E20 ईंधन (20 प्रतिशत एथेनॉल मिला पेट्रोल) का उपयोग करने पर उनके कुछ रबर पार्ट्स और गास्केट को बदलने की आवश्यकता हो सकती है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के दौरान यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की.
उन्होंने बताया कि वाहनों के नियमित सर्विसिंग के दौरान इन रबर पार्ट्स और गास्केट को बेहद आसानी से बदला जा सकता है, इसलिए वाहन मालिकों को घबराने की जरूरत नहीं है.
हाल के दिनों में विपक्ष और कई उपभोक्ता समूहों की ओर से E20 पेट्रोल के प्रभाव को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे. आलोचकों ने पुराने वाहनों की अनुकूलता, ईंधन दक्षता में कमी और रखरखाव की लागत बढ़ने जैसी चिंताएं जताई थीं.
इन तमाम संशयों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारतीय पेट्रोलियम संस्थान देहरादून, सियाम (SIAM) और एआरएआई (ARAI) द्वारा मिलकर किए गए अध्ययनों में यह साबित हुआ है कि कारों और दोपहिया वाहनों के इंजनों में किसी भी प्रकार के बड़े बदलाव की आवश्यकता नहीं है.
अध्ययन के परिणामों का हवाला देते हुए गडकरी ने कहा कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से पुराने वाहनों के प्रदर्शन में कोई खास अंतर नहीं आया है और न ही उनमें किसी असामान्य टूट-फूट के लक्षण देखे गए हैं. ड्राइविंग क्षमता, स्टार्ट होने की प्रक्रिया, धातु तथा प्लास्टिक की अनुकूलता जैसे मानकों पर किसी भी प्रकार की समस्या की पुष्टि नहीं हुई है.
वाहनों के माइलेज को लेकर उठ रहे सवालों पर वाहन निर्माताओं और परीक्षण एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि माइलेज सिर्फ ईंधन के प्रकार पर निर्भर नहीं करता, बल्कि इसके पीछे कई अन्य तकनीकी और परिचालन कारक भी जिम्मेदार होते हैं.
भारत में एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल कार्यक्रम को एक चरणबद्ध, वैज्ञानिक और परामर्श आधारित रणनीति के तहत लागू किया गया है. जून 2021 में जारी 'रोडमैप फॉर एथेनॉल ब्लेंडिंग इन इंडिया 2020-25' रिपोर्ट तैयार करने से पहले वाहन निर्माताओं, तेल कंपनियों और कृषि विशेषज्ञों के साथ गहन विचार-विमर्श किया गया था.
सरकार का कहना है कि वैश्विक स्तर पर ब्राजील जैसे देशों में दशकों से उच्च स्तर के एथेनॉल मिश्रण का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है. भारत में भी अप्रैल 2026 में E20 ईंधन को व्यापक रूप से पेश करने से पहले प्रयोगशाला अध्ययनों, टिकाऊपन परीक्षणों और मैदानी जांच प्रक्रियाओं को पूरा किया गया है. वाहन निर्माता कंपनियां भी E20 ईंधन का उपयोग करने वाले वाहनों पर वारंटी दावों का लगातार सम्मान कर रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित हैं.