बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई में ED का छापा, 17 किलो सोना बरामद
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कथित शराब और भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रदेश के कई जिलों में अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है. गुरुवार को जांच एजेंसी ने बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई समेत करीब 17 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी, जिसमें भारी मात्रा में कीमती आभूषण और नकद बरामद होने की सूचना है.
बिलासपुर में ईडी की टीम ने फरार आरोपी विकास अग्रवाल के भाई विवेक अग्रवाल के आवास और सदर बाजार स्थित ज्वेलरी शोरूम पर छापा मारा. सूत्रों के हवाले से खबर है कि देर रात तक चली इस कार्रवाई में टीम ने 17 किलो सोना, हीरों के हार और भारी मात्रा में नकदी जब्त की है.
बताया जा रहा है कि विकास अग्रवाल पिछले 4 साल से फरार है और वह शराब सिंडिकेट के प्रमुख सदस्यों में से एक है. एजेंसी को संदेह है कि घोटाले से अर्जित काली कमाई का निवेश विवेक अग्रवाल के व्यवसाय में किया गया है.
दूसरी ओर दुर्ग में भाजपा नेता और अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर भी अधिकारियों ने घंटों छानबीन की. यहां उनकी आधा दर्जन फर्मों के वित्तीय दस्तावेजों और निवेश संबंधी रिकॉर्ड्स को खंगाला गया. इसके अतिरिक्त भिलाई में भी एक अन्य स्थान पर टीम पहुंची.
यह पूरी कार्रवाई राज्य में हुए बहुचर्चित आबकारी घोटाले और भारतमाला सड़क परियोजना में भू-अधिग्रहण के दौरान हुए करीब 43 करोड़ रुपये के मुआवजे के हेरफेर से जुड़ी बताई जा रही है.
जांच एजेंसी के अनुसार, शराब घोटाला मुख्य रूप से तीन अलग-अलग तरीकों से किया गया था, जिसमें डिस्टलरी संचालकों से प्रति पेटी कमीशन वसूलना, बिना होलोग्राम वाली अवैध शराब को सरकारी दुकानों से बिकवाना और फर्जी कागजात के सहारे टैक्स चोरी करना शामिल है.
सिंडिकेट के जरिए करीब 3000 करोड़ रुपये से अधिक के गबन की आशंका जताई जा रही है, जिसकी कड़ियां जोड़ने के लिए ईडी अब नेताओं, अधिकारियों और उनके करीबियों से जुड़े आर्थिक स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है.