सूरजपुर में हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला
सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. जिले के गौरा गांव में बुधवार की रात एक जंगली हाथी ने घर तोड़ने के बाद महिला को कुचलकर मार डाला.
वहीं मृतका के बेटे ने घर के अंदर ही दुबक कर अपनी जान बचाई. क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
वन विभाग के मुताबिक प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के बगड़ा, मानपुर इलाके में करीब 25 से 30 हाथियों का दल घूम रहा है.
बीती रात को एक हाथी दल से अलग होकर जंगल से लगे गौरा गांव पहुंच गया. हाथी गांव में जमकर उत्पात मचाते हुए सुभाषो टेकाम के घर पहुंच गया.
हाथी ने सुभाषो के घर को तोड़ना शुरू कर दिया. घर में सुभाषो टेकाम और उसका 15 साल का बेटा सो रहे थे.
देर रात घर में तोड़फोड़ की आवाज सुनकर महिला बाहर निकली. बाहर हाथी खड़ा था. इसके पहले की महिला भाग पाती हाथी ने उसे सूंड़ से उठाकर पटक दिया.
इसके बाद हाथी ने पैरों से कुचल कर उसे मार डाला. इस दौरान महिला का बेटा घर के अंदर ही छुप गया, जिससे उसकी जान बच गई.
घटना के बाद हाथी घंटों तक आसपास मंडराता रहा. हाथी के जाने के बाद मृतका के बेटे ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी.
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सुबह वन विभाग के अधिकारियों को दी. सूचना पर प्रतापपुर एसडीओ संस्कृति बारले सहित वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे.
बताया गया कि सुभाषो टेकाम के पति बृजमोहन टेकाम की पहले ही मौत हो चुकी है. जबकि 15 साल के बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. मां ही देखभाल करती थी.
कुछ दिन पहले ही जिले के घुई वन परिक्षेत्र के बरगीडीह में दंतैल हाथी ने एक ग्रामीण को कुचल कर मार डाला था.
ग्रामीण मवेशियों की रखवाली करने के लिए घर से बाहर झोपड़ी बनाकर सो रहा था. उसी दौरान हाथी ने उस पर हमला कर दिया था.
उस समय भी वन विभाग ने कहा था कि विभाग हाथियों के दल की निगरानी कर रहा है. उसके बाद भी हाथी रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहे हैं.