छत्तीसगढ़ के हाथियों ने अनूपपुर में बुजुर्ग को पटक कर मार डाला
अनूपपुर । डेस्क: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी कस्बे में छत्तीसगढ़ से आए तीन हाथियों के एक दल ने भारी उत्पात मचाते हुए एक 75 वर्षीय बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया. यह दुखद घटना उस समय हुई, जब रात करीब 12:30 बजे हाथियों का दल जैतहरी के वार्ड नंबर 3 में दाखिल हुआ.
मृतक की पहचान हंसलाल राठौर के रूप में हुई है, जो अपने खेत में बने घर में सो रहे थे. आहट पाकर जब वे बाहर निकले, तो एक हाथी ने उन्हें सूंड से जकड़कर जमीन पर पटक दिया. गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
शहडोल के जिला वन अधिकारी डेविड वेंकटराव ने बताया कि यह हाथियों का वही दल है जो पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से भटककर आया है और पिछले चार हफ्तों से इस क्षेत्र में सक्रिय है.
यह इलाका छत्तीसगढ़ से बांधवगढ़ के बीच हाथियों के आवागमन का एक प्रमुख कॉरिडोर है.
वन विभाग के अनुसार, हाथी दिन के समय जंगलों में रहते हैं और रात होते ही रिहायशी इलाकों और खेतों का रुख कर रहे हैं.
विभाग ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है. फिलहाल वन विभाग की टीमें हाई अलर्ट पर हैं और हाथियों की निगरानी की जा रही है.
Symbolic Photo