हाथियों ने 2 ग्रामीणों को कुचल कर मार डाला
मनेन्द्रगढ़/ सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ वन मंडल के केल्हारी वन परिक्षेत्र के ग्राम कछौड़ में बीती रात, हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचल कर मार डाला. हाथियों ने गांव में जमकर उत्पात मचाते हुए कई घरों में तोड़फोड़ भी की है. फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
वहीं सूरजपुर जिले में वन विभाग के पूर्व चौकीदार को हाथी ने कुचल कर मार डाला. बताया जा रहा है कि हाथियों के दल में दो शावक भी है, जिस वजह से हाथी काफी आक्रामक हो गए हैं.
वन विभाग के मुताबिक मनेंद्रगढ़ वन मंडल के केल्हारी वन परिक्षेत्र में 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा है.
पिछले तीन दिनों से हाथियों का दल केल्हारी और बिहारपुर के बीच मंडरा रहे थे, लेकिन बीती रात को दल अचानक ग्राम पंचायत कछौड़ के अंदर घुस गया.
गांव में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान ग्रामीण धीरज लाल का हाथियों से आमना-सामना हो गया. हाथियों ने ग्रामीण पर हमला कर दिया. उसे पटक-पटक कर मार डाला.
इसके बाद हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और फसलों को भी नुकसान पहुंचाया.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है. विभाग द्वारा हाथी के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नदीं दे रहे हैं. ना ही गांवों में मुनादी करा रहे हैं.
अगर समय रहते चेतावनी दी गई होती, तो धीरज लाल की जान बच सकती थी. जबकि वन विभाग को पहले से ही जानकारी थी कि 12 हाथियों का दल घूम रहा है. मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है.
दूसरी ओर वन विभाग का दावा है कि वन विभाग की टीम लगातार इस दल की निगरानी कर रही है. अब हाथियों का यह दल बिहारपुर वन परिक्षेत्र की ओर बढ़ रहा है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर ना जाएं और खुद को सुरक्षित रखें.
बिहारपुर रेंजर बलराज पैकरा ने बताया कि हाथियों का दल अब केल्हारी रेंज से महापुर सर्कल जंगल की ओर बढ़ गया है. बिहारपुर वन परिक्षेत्र में अभी तक कोई नुकसान नहीं हुआ है. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है.
सूरजपुर में चौकीदार को मार डाला
इधर सूरजपुर जिले में भी हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा है. घुई वन परिक्षेत्र के ग्राम बरगीडीह में एक दंतैल हाथी ने मंगलवार रात एक ग्रामीण को कुचल कर मार डाला.
ग्रामीण गांव के बाहर खेत में मवेशियों से फसल को बचाने के लिए झोपड़ी बनाकर सो रहे थे. बताया गया कि मृत ग्रामीण पूर्व में वन विभाग का चौकीदार था.
प्रतापपुर ब्लॉक के धूमाडांड निवासी बलदेव गोंड़ (40) फसल देखरेख के लिए धूमाडांड और बड़वार के बीच बरगीडीह में अपने खेत के पास झोपड़ी बनाया था.
कल रात वह झोपड़ी में सो रहा था. उसी दौरान देर रात दंतैल हाथी उसके पास पहुंच गया और सोते समय बलदेव पर हमला कर दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
एसडीओ फारेस्ट संस्कृति बारले के मुताबिक ग्रामीण को कुचलने वाला हाथी सेमरसोत अभ्यारण से पहुंचा था. वह अकेले ही विचरण कर रहा है.
वर्तमान में घुई रेंज में 16 हाथी विचरण कर रहे हैं. वहीं प्रतापपुर के सरहरी के पास 25 से 30 हाथियों का दल पहुंचा हुआ है जो सरगुजा से बलरामपुर होते हुए सूरजपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया है.