गढ़चिरौली में मुठभेड़, 4 माओवादी मारे गए
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली और नारायणपुर बॉर्डर पर बुधवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. करीब 8 घंटे तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने चार माओवादियों को मारने का दावा किया है.
मौके से एक पुरुष सहित 3 महिला माओवादियों के शव के साथ एसएलआर, इंसास और 303 रायफल बरामद किए गए हैं.
इलाके में अभी भी तलाशी अभियान जारी है. गढ़चिरौली डीआईजी अंकित गोयल ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि गट्टा दलम, कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन के माओवादी बड़ी संख्या में कोपरशी वन क्षेत्र में मौजूद हैं.
इसी सूचना पर गढ़चिरौली पुलिस की सी-60 कमांडों टीम और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को ऑपरेशन पर भेजा गया.
टीम बुधवार की सुबह कोपरशी गांव के पास जंगल में पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया. तभी माओवादियों ने सुरक्षा बलों को करीब आता देख फायरिंग शुरू कर दी.
इसके बाद पुलिस टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की. दोनों ओर से लगभग आठ घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही.
इस मुठभेड़ में जवानों ने 3 महिला और 1 पुरुष माओवादी को मार गिराया है. सर्चिंग के बाद मौके से एक एसएलआर, दो इंसास और एक नग 303 रायफल समेत 4 हथियार बरामद किए गए.
फिलहाल इलाके में बाकी माओवादियों की तलाश जारी है. पुलिस का मानना है कि जंगल में अभी भी कुछ माओवादी छिपे हो सकते हैं.
इसी वजह से सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है और ऑपरेशन अब भी जारी है. हालांकि भारी बारिश ने ऑपरेशन में जवानों की परेशानी बढ़ा दी है.