सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा-नारायणपुर मुठभेड़, आधा दर्जन माओवादियों के मारने का दावा

H

Hupendra Sharma

05 सित. 2025, 07:27 AM 3 मिनट में पढ़ें 13

मुठभेड़
मुठभेड़

दंतेवाड़ा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है. इस मुठभेड़ में जवानों ने dkszc मेंबर रामधर की पत्नी समेत आधा दर्जन माओवादियों को मारने का दावा किया है.


हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जबकि मुठभेड़ की पुष्टि दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने की है.

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ अबूझमाड़ के घने जंगलों में चल रही है. जवानों ने अबूझमाड़ के थुलथुली, गाबाड़ी, अदबेड़ा और नेदुर जैसे दर्जनों गांवों के आस पास के जंगल को घेर रखा है.


यहां पर पूर्वी बस्तर डिवीजन के माओवादियों के होने की आशंका है. 


अबूझमाड़ के जंगल में भारी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर दो दिन पहले जवान सर्चिंग अभियान के लिए निकले थे.


ऑपरेशन में तीन जिले दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर के जवान शामिल थे. सर्चिंग के दौरान शुक्रवार को सुबह जवानों का सामना माओवादियों से हुआ.


इसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई. दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही. 


इस बीच जवानों ने रामधर की पत्नी बिमला को मारने का दावा किया है. बिमला प्लाटून नंबर 10 की सदस्य थी.


दावा यह भी किया जा रहा है अब तक आधा दर्जन से अधिक माओवादी मारे गए हैं. पुलिस अभी भी जंगल में है और लगातार सर्च कर रही है. 


हालांकि पुलिस अधिकारी आधा दर्जन माओवादियों के मारे जाने का दावा कर रहे, लेकिन मारे गए माओवादियों की संख्या कितनी है, यह स्पष्ट नहीं बता रहे हैयहीं 38 माओवादी मारे गए 

बताया जा रहा है कि ये वही इलाका है जहां जवानों ने एक साथ 38 माओवादियों को मारा था.


इस मुठभेड़ में कम्पनी नंबर 6 को पूरी तरह से खत्म कर दिया था. इसी मुठभेड़ में skzc मेंबर नीति को मारा गया था. नीति माड़ इलाके की रीढ़ मानी जाती थी. अक्टूबर 2024 में जवानों को यहां बड़ी सफलता मिली थी.


मुठभेड़ के बाद जवानों ने पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है. फिलहाल जवानों को किसी प्रकार से हताहत होने की खबर नहीं है.


अभी भी पुलिस के आला अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.


माओवादियों को घेरने रायपुर में बैठक

इधर राजधानी रायपुर में माओवादियों के खिलाफ रणनीति तय करने के लिए बड़ी बैठक जारी है. नया रायपुर के एक निजी रिसॉर्ट में यह बैठक आयोजित की गई है.


बताया जा रहा है कि बैठक में बारिश के बाद माओवादियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन की तैयारी तेज करने रणनीति तय की जा रही है.


बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना के डीजीपी, केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारी, इंटेलिजेंस एजेंसियों के प्रतिनिधि और नक्सल ऑपरेशन से जुड़े अधिकारी शामिल हैं.


साथ ही बीएसएफ, आईटीबीपी के शीर्ष अधिकारी, आईबी और एनआईए के निदेशक तथा राज्यों के गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं.


बैठक की अगुवाई केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और आईबी चीफ तपन कुमार डेका कर रहे हैं.


बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की घोषणा के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह से सफाया करने के टारगेट को लेकर भी चर्चा हो रही है. क्योंकि पूर्ण नक्सल उन्मूलन की घोषणा के बाद सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव और जिम्मेदारी दोनों बढ़ गई है. 


नक्सल ऑपरेशन से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन को और तेज करने और सीमावर्ती राज्यों की ओर से घेराबंदी करने पर चर्चा होगी.


इस ऑपरेशन को इंटेलिजेंस बेस्ड बनाने के लिए जोर दिया जा रहा है. आईबी के खुफिया रिपोर्ट पर भी प्रमुख रूप से विचार किया जाएगा.


बताया जा रहा है कि बारिश के बाद फोर्स को और तेज किया जाएगा. ताकि जंगलों और सीमावर्ती क्षेत्रों में छिपे माओवादियों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके.ं.


यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP