रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

प्रवर्तन निदेशालय की जांच तेज, वीना विजयन पर कसा शिकंजा

C

CG Khabar

29 मई 2026, 08:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 8

 वीना विजयन
वीना विजयन

नई दिल्ली । डेस्क: केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विपक्षी नेता पिनाराई विजयन की बेटी वीना विजयन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सीएमआरएल-एक्सालोजिक (CMRL-Exalogic) वित्तीय लेनदेन मामले में अपनी जांच का दायरा काफी बड़ा कर दिया है. हाल ही में कोच्चि और तिरुवनंतपुरम में की गई समन्वित छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी के हाथ कई महत्वपूर्ण डिजिटल और दस्तावेजी सबूत लगे हैं, जिनकी अब बारीकी से जांच की जा रही है.


जांच के केंद्र में इस समय वीना विजयन का मोबाइल फोन और सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कर्था से जुड़ा एक लैपटॉप है. 

विज्ञापन


ईडी के अधिकारी इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए वित्तीय लेन-देन, आंतरिक रिकॉर्ड और संचार के कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. डिलीट की गई फाइलों और एन्क्रिप्टेड चैट को रिकवर करने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है ताकि सीएमआरएल और एक्सालोजिक सॉल्यूशंस के बीच हुए कथित मासिक भुगतान के सिलसिले को पूरी तरह स्पष्ट किया जा सके.


प्रवर्तन निदेशालय के कोच्चि जोनल कार्यालय ने बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल सामग्रियों की शुरुआती समीक्षा पूरी करके अपनी विस्तृत रिपोर्ट नई दिल्ली स्थित मुख्यालय भेज दी है. इसके आधार पर अब एजेंसी वीना विजयन को पूछताछ के लिए नया समन जारी करने और अन्य कड़ी कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है. 


गौर करने वाली बात यह है कि इस मामले की आंच अब केवल एक्सालोजिक सॉल्यूशंस तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच का दायरा सीएमआरएल की डायरी में दर्ज कुछ अन्य रसूखदार नामों तक भी पहुंच गया है.


दूसरी तरफ, ईडी की इस बढ़ती दबिश के खिलाफ कानूनी मोर्चाबंदी भी शुरू हो गई है. सीएमआरएल प्रबंधन एजेंसी की इस छापेमारी और आगे की कार्रवाई की वैधता को चुनौती देने के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहा है. 


इसके लिए सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों से सलाह ली जा रही है. वीना विजयन और केरल के इस कथित वित्तीय नेटवर्क पर केंद्रित ईडी की इस आक्रामक कार्रवाई ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP